सहारनपुर : नकुड़ क्षेत्र से बसपा विधायक डॉ. धर्म सिंह सैनी 21 सितंबर को लखनऊ में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के समक्ष समर्थकों समेत भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। बेहट क्षेत्र से विधायक महावीर राणा के बाद डॉ. धर्मसिंह सैनी जनपद से दूसरे बसपा विधायक हैं, जो भाजपा में शामिल हो रहे हैं। डॉ. धर्म सिंह सैनी को बसपा ने नकुड़ विस क्षेत्र से तीन बार लगातार प्रत्याशी बनाया। 14 अगस्त को धर्म सिंह सैनी की भाभी की शोक सभा में भाजपा नेता व पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य शामिल हुए। स्वामी प्रसाद मौर्य से धर्म सिंह सैनी की नजदीकियों के चलते माना जा रहा था कि उन पर कार्रवाई जरूर होगी। हाल ही में बसपा सुप्रीमो मायावती ने धर्मसिंह का टिकट काट दिया। धर्म सिंह सैनी ने बसपा हाईकमान को अपना निर्णय वापस लेने के लिए सोमवार दोपहर 12 बजे तक समय दिया, कोई जवाब नहीं आया तो उन्होंने भाजपा में जाने का निर्णय लिया। दूसरी ओर डॉ. सैनी का टिकट कटने से सैनी समाज के लोगों ने नाराजगी जताते हुए बसपा से त्यागपत्र दे दिया है।