देश की पहली महिला जासूस गिरफ्तार, पुलिस अधिकारी की बेटी है 54 साल की रजनी

Update: 2018-02-03 10:10 GMT
देश की पहली प्राइवेट महिला जासूस रजनी पंडित को ठाणे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनपर आरोप है कि वो अपने क्लाइंट्स के लिए अवैध तरीके से कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स को प्राप्त किया करती थीं। अवैध तरीके से सोर्सिंग और सीडीआर बेचने की वजह से गुरुवार को पुलिस ने जासूसी का भंडाफोड़ करके चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें रजनी भी शामिल हैं।
54 साल की रजनी पूर्व पुलिस अधिकारी की बेटी हैं। समरेश झा नाम के जासूस को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने पंडित को उनके घर से गिरफ्तार किया। झा ने पुलिस को बताया कि वह कॉल डिटेल्स को रजनी के कहने पर सोर्स करता था और फिर इन्हें मोटी रकम पर बेचता था।
ठाणे पुलिस प्रणुख परम बीर सिंह ने कहा कि इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि रजनी ने करीब 5 लोगों के सीडीआर मांगे और खरीद थे। उन्होंने बताया- इस रैकेट में पंडित की भूमिका स्पष्ट तरीके से सामने आई है। जो भी लोग घोटाले में शामिल हैं वो देश के किसी भी कोने में छुप जाएं उन्हें बक्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रजनी के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उनसे पूछताछ अभी भी जारी है। गिरफ्तार जासूसों द्वारा की गई जासूसी के हवाले से पता चला कि उन्होंने अपने ग्राहकों को एक बड़ी राशि के बदले सीडीआर देने का वादा किया था। पुलिस ने उस शख्स के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की है जो आरोपियों को सीडीआर मुहैया करवाता था।

Similar News