ईद में जहां सारे देश के लोग गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे के गले मिले वहीं अयोध्या का ये नजारा देखने लायक था। विवादित बाबरी मस्जिद के मुद्दई हाशिम को बधाई देने अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत ज्ञान दास पहुंचे
ईद की सुबह महंत की टोली हाशिम को बधाई देने पहुंची। महंत ज्ञानदास और हाशिम ने एक-दूसरे को माला पहनाई और मुंह भी मीठा करवाया। इस दौरान महंत ने कहा कि अयोध्या को गंगा जमुनी तहजीब के लिए जाना जाता है, इस परंपरा को कायम रखना जरूरी है।
इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि मंदिर-मस्जिद मुद्दे का हल निकाले बिना अयोध्या का विकास संभव नहीं। वहीं महंत ने ये भी कहा, हमें मंदिर चाहिए लेकिन खून से सना मंदिर नहीं वहीं हाशिम ने कहा कि महंत फिरकापरस्ती के खिलाफ लड़ते रहे हैं और हम उनके साथ हैं।महंत ज्ञानदास ने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में है, हमें फैसले का इंतजार है फिर भी सुलह की जरूरत पड़ेगी और सुलह से ही स्थायित्व आएगा। इस बात का हाशिम ने भी समर्थन किया।