काशी के दामाद बने क्रिकेटर ईशांत शर्मा

Update: 2016-06-20 01:48 GMT
वाराणसी. टीम इंडिया के तेज़ गेंदबाज ईशांत शर्मा बनारस के दामाद बनेंगे। बनारस की बेटी और अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रतिमा सिंह से रविवार की दोपहर ईशांत ने दिल्ली के उप्पल आर्किड में सगाई कर ली। इस दौरान दोनों खिलाड़ियों के परिवार के सदस्य और चुनिंदा दोस्त ही मौजूद रहे।

देश विदेश में सिंह सिस्टर्स के नाम से मशहूर वाराणसी के शिवपुर की पांच बहनों में प्रतिमा सबसे छोटी हैं। इनका चयन 2006 में जूनियर भारतीय टीम में हुआ। 2008 में जूनियर टीम की कमान मिली। 2010 में प्रतिमा ने एशियाई खेलों में शिरकत की।

इसके अलावा 2006, 2007, 2009 और 2010 फिबा एशियाई चैंपियनशिप में चमकीला प्रदर्शन किया। प्रतिमा की सबसे बड़ी बहन प्रियंका सिंह एनआईएस कोच हैं। दिव्या सिंह जूनियर इंडिया टीम की कोच हैं। प्रशांति सिंह और आकांक्षा सिंह भी देश के लिए खेल रही हैं।

कौन हैं प्रतिमा सिंह
प्रतिमा सिंह भारतीय बास्केटबॉल टीम की सदस्य हैं। 6 फरवरी 1990 को वाराणसी में जन्मीं प्रतिमा एक शानदार बास्केटबॉल खिलाड़ी हैं। उन्होंने जूनियर लेवल से लेकर सीनियर लेवल तक दिल्ली के लिए खेलते हुए और बाद में भारत से खेलते हुए कई पदक जीते हैं।

पांच बहनें में चार बास्केटबॉल खिलाड़ी
प्रतिमा सिंह से जुड़ी एक दिलचस्प बात ये है कि उनका परिवार ‘बास्केटबॉल फैमिली’ के नाम से जाना जाता है। वे कुल पांच बहनें हैं और सभी बास्केटबॉल खेलती हैं, इन्हें ‘सिंह सिस्टर्स’ के नाम से भी जाना जाता है। पांच में से चार बहनें भारत के लिए या फिर खेल चुकी हैं या अभी खेल रही हैं। उनकी एक बहन इस समय भारतीय बास्केटबॉल टीम की कप्तान है जबकि एक बहन इस समय बास्केटबॉल कोच है। इनके ऊपर शार्ट फिल्म भी बन चुकी है। प्रतिमा की बड़ी बहन प्रियंका सिंह राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी रही हैं और इस समय बैंकाक (थाईलैंड) में बच्चों को अपने पति के साथ बास्केटबॉल का प्रशिक्षण दे रही हैं जबकि दूसरी दिव्या सिंह कई वर्षों तक भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम की कप्तान रहीं और इस समय भारतीय जूनियर टीम की प्रशिक्षक हैं। इसके अलावा प्रशांति सिंह और आकांक्षा सिंह भी अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी हैं।

Similar News