जन समस्याओं के निस्तारण मे लापरवाही बर्दाश्त नहीं - शिवपाल

Update: 2016-05-20 16:15 GMT
लखनऊ. प्रदेश के लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री  शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि जन समस्याओं एवं जमीन से जुडे़ छोटे-छोटे विवादों को अतिशीघ्र निस्तारित करके जनता को राहत पहुँचायें। उन्होंने कहा कि जनता को किसी भी समस्या के लिए इधर-उधर भटकना न पडे़। प्रदेश सरकार जन समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है इसमे किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जायेगी।

श्री यादव आज समाजवादी पार्टी कार्यालय, लखनऊ, में प्रदेश के दूर-दराज इलाकों से आई हुई जनता की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने जनता दर्शन में आये हुए छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, विकलांगों तथा मरीजों की समस्याओं को गम्भीरता से सुना तथा मौके पर ही सम्बन्धित अधिकारियों को फोन पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। श्री यादव ने आये हुए फरियादी की शिकायत पर पुलिस अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निदेश दिये। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि तत्काल अपराधी व्यक्ति के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करके कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसमे किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

उन्होंने कहा कि अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बक्शा न जाये। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान न किया जाये तथा अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे प्रतिदिन एक निश्चित समय पर कार्यालय में बैठकर जनता की समस्या को सुनकर तत्काल निस्तारित करें। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के हितों के प्रति संवेदनशील है इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जायेगी।

Similar News