बिलारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मद इब्राहिमपुर में मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन, 39 मरीजों का हुआ उपचार
बिलारी (मुरादाबाद)। रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मद इब्राहिमपुर में मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं और कुल 39 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार व परामर्श दिया गया।
स्वास्थ्य मेले में आए मरीजों में 10 पुरुष, 23 महिलाएं और 6 बच्चे शामिल रहे। जांच के दौरान 6 मरीज बुखार से पीड़ित पाए गए, जबकि 13 मरीज पेट संबंधी समस्याओं से ग्रसित थे। इसके अलावा 5 मरीज फेफड़ों से जुड़ी बीमारी, 5 मरीज त्वचा रोग, 2 मरीज डायबिटीज और 3 गर्भवती महिलाओं की भी जांच कर उन्हें आवश्यक सलाह और दवाएं दी गईं। अन्य 5 मरीजों का भी सामान्य बीमारियों के लिए उपचार किया गया।
मेले का संचालन वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद मोनाजिर इमाम के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय सहयोग किया, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सका। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि ऐसे मेले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
Waris Pasha