बिलारी में अंबेडकर संघ की बैठक, मान्यवर कांशीराम को किया याद

Update: 2026-03-15 10:56 GMT


बिलारी (मुरादाबाद)। अखिल भारतीय अंबेडकर संघ की ओर से रविवार को अंबेडकर पार्क बिलारी में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बहुजन समाज के महानायक मान्यवर कांशीराम के जीवन और उनके विचारों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष डॉ. जगतपाल सिंह ने की, जबकि संचालन डॉ. कुंवर सिंह ने किया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मान्यवर कांशीराम का जन्म पंजाब प्रांत के जिला रोपड़ में हुआ था और उन्होंने समाज के उत्थान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने बामसेफ की स्थापना कर समाज को नई दिशा देने का कार्य किया और जीवन भर अविवाहित रहकर समाज सुधार के लिए काम करते रहे।

वक्ताओं ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और सिद्धांतों का गहन अध्ययन किया और समाज में फैली छुआछूत, ऊंच-नीच, अस्पृश्यता और शोषण जैसी कुरीतियों को खत्म करने के लिए लगातार संघर्ष किया। उन्होंने वर्ष 1984 में बहुजन समाज पार्टी की स्थापना कर बहुजन समाज को संगठित करने का अभियान चलाया।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि मान्यवर कांशीराम साइकिल से गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों को जागरूक करते थे तथा संसद में पहुंचकर दलित और शोषित समाज की आवाज बुलंद करते हुए उनके अधिकारों की मांग करते थे।

इस अवसर पर अंबेडकर संघ तहसील बिलारी के कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क में एकत्रित होकर मान्यवर कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

बैठक में डॉ. जगतपाल सिंह, डॉ. कुंवर सिंह, लाल सिंह गौतम, हरिशंकर बौद्ध, प्रेम किशोर, डॉ. विजयदीप, जयवीर सिंह जाटव, शेर सिंह राणा, राहुल कुमार, मुन्ना सिंह, राम अवतार, मनोज कुमार, डॉ. ओम प्रकाश, विजय पाल, अभिषेक सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद।

वारिस पाशा बिलारी

Similar News