राज्यसभा में तटीय पोत परिवहन विधेयक पर चर्चा:भाजपा सांसद दर्शना सिंह ने विधेयक को बताया 'विकसित भारत' की दिशा में बड़ा कदम

Update: 2025-08-07 10:20 GMT


रिपोर्ट: ओ पी श्रीवास्तव, चंदौली

नई दिल्ली/चंदौली राज्यसभा में आज "तटीय पोत परिवहन विधेयक, 2025" पर हुई चर्चा के दौरान भाजपा सांसद दर्शना सिंह ने विधेयक का जोरदार समर्थन करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत @2047’ के विजन की दिशा में एक अहम कदम बताया।

सिंह ने कहा कि यह विधेयक पुराने, जटिल और बिखरे हुए समुद्री कानूनों को हटाकर एक सरल, पारदर्शी और समग्र कानूनी ढांचा प्रस्तुत करता है, जो तटीय परिवहन क्षेत्र को सुव्यवस्थित और सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि इससे भारत के तटीय क्षेत्रों में व्यापार और परिवहन को गति मिलेगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

भाजपा सांसद ने कहा कि तटीय पोत परिवहन सड़क और रेल परिवहन की तुलना में अधिक ऊर्जा कुशल और पर्यावरण अनुकूल है। यह विधेयक कार्बन उत्सर्जन में कमी लाकर देश के जलवायु परिवर्तन लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद करेगा और ‘ग्रीन इंडिया’ अभियान को भी सशक्त बनाएगा।

दर्शना सिंह ने यह भी कहा कि विधेयक से तटीय राज्यों में स्थानीय रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे मछुआरा समुदाय, बंदरगाह श्रमिक, परिवहन सेवाएं और शिपिंग इंडस्ट्री से जुड़े हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे ‘अंत्योदय’ के मूल मंत्र से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।

अपने भाषण में उन्होंने महिला सशक्तिकरण का मुद्दा भी उठाया और सुझाव दिया कि समुद्री परिवहन जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे यह क्षेत्र महिला नेतृत्व का उदाहरण बन सकता है।अंत में दर्शना सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विधेयक देश की लॉजिस्टिक्स क्षमता, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास को एक साथ जोड़ने वाला दूरदर्शी कदम है।

Similar News