सफलता का रास्ता निचले पायदान से शुरू होता है: लाल बिहारी यादव

Update: 2025-06-30 11:19 GMT


रिपोर्ट: ओ पी श्रीवास्तव संग मोहम्मद अफजल...

कमालपुर (चंदौली)। समाजवादी पार्टी द्वारा जनौली गांव स्थित एक लॉन में रविवार को "पीडीए का सम्मान, अखिलेश यादव के नाम" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पार्टी संगठन की मजबूती और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी रहा। इस दौरान बरहन गांव के प्रधान जगमेंद्र यादव को पार्टी द्वारा पिछड़ा प्रकोष्ठ का प्रदेश सचिव बनाए जाने पर जोरदार स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि विधान परिषद में प्रतिपक्ष नेता लाल बिहारी यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “जो व्यक्ति निचले पायदान से ईमानदारी से प्रयास करता है, वही लक्ष्य की प्राप्ति करता है।” उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सदैव गरीबों और मजलूमों की आवाज रही है, जबकि वर्तमान सत्ता गरीबों के शोषण में लिप्त है।

सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि आज छात्र, नौजवान, किसान और व्यापारी सभी परेशान हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि व्यक्ति विचारों से बड़ा होता है, पद से नहीं। उन्होंने अपील की कि कार्यकर्ता अभी से बूथ और सेक्टर स्तर पर सक्रिय हो जाएं ताकि 2027 में पीडीए की सरकार बने।

पूर्व सांसद राम किशुन यादव ने नौकरियों में एक जाति विशेष को तवज्जो दिए जाने का आरोप लगाया। वहीं पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने कहा कि समाजवादी पार्टी का संघर्षों से गहरा नाता रहा है और संगठन को मजबूत बनाने के लिए संघर्ष ही मार्ग है।नवनियुक्त प्रदेश सचिव जगमेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने की, जबकि संचालन गुरुप्रकाश यादव ने किया। इस मौके पर प्रमुख रूप से सांसद वीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद राम किशुन यादव, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, विधायक प्रभु नारायण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अंजनी सिंह सहित दर्जनों वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Similar News