अयोध्या पुलिस की बड़ी कामयाबी- हत्या के वांछित दो अभियुक्त गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त डंडे बरामद

Update: 2025-05-17 05:45 GMT

अयोध्या।

कोतवाली अयोध्या पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के एक संगीन मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त दो डंडे भी अभियुक्तों की निशानदेही पर बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के अंतर्गत, पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी अयोध्या के पर्यवेक्षण में यह कार्यवाही की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों में दामोदर शरण शर्मा उर्फ बंटू (पुत्र स्व. योगीराज, निवासी योगी महल, बेगमपुरा, अयोध्या, उम्र 38 वर्ष) एवं शुभम मिश्रा (पुत्र अरविंद मिश्रा, निवासी मुगलपुरा, अयोध्या, उम्र 31 वर्ष) शामिल हैं। दोनों को दिनांक 16 मई 2025 को शाम करीब 7:30 बजे माझा उपरहार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त दो डंडे बरामद हुए हैं, जिन्हें विधिवत सील किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

अपराधिक इतिहास

दामोदर शर्मा पर पूर्व में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, चोरी, धमकी, और तोड़फोड़ जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। शुभम मिश्रा भी पूर्व में एससी/एसटी एक्ट सहित कई धाराओं में वांछित रह चुका है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम में प्र.नि. मनोज कुमार शर्मा, उ.नि. जयकिशोर अवस्थी, उ.नि. अनुराग पाठक सहित कुल 11 पुलिसकर्मी शामिल रहे। टीम ने तत्परता और सूझबूझ से कार्रवाई कर दो खतरनाक अपराधियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सक्रियता और तत्परता की एक बार फिर पुष्टि हुई है।

Similar News