मुख्यमंत्री को खुला पत्र: तथ्यपरक भाषण देने की अपील

Update: 2026-02-17 11:06 GMT


लखनऊ। समाजवादी चिंतक एवं बौद्धिक सभा के अध्यक्ष दीपक मिश्र ने योगी आदित्यनाथ को खुला पत्र लिखकर विधानसभा में दिए गए कुछ बयानों पर आपत्ति जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से भविष्य में तथ्यपरक और गंभीर वक्तव्य देने की अपील की है।

जारी पत्र में दीपक मिश्र ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सदन में एक शेर को मिर्जा ग़ालिब का बताया, जबकि उनके अनुसार वह शेर गालिब का नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पंडित रामप्रसाद बिस्मिल और बिस्मिल्लाह खान का उल्लेख करते हुए सुनाया गया प्रसंग तथ्यात्मक आधार से रहित है।

दीपक मिश्र ने कहा कि विधानसभा जैसे गंभीर मंच पर चुटकुलेबाजी की प्रवृत्ति सदन की गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने दुर्योधन की प्रतिमा स्थापित करने संबंधी कथन पर भी स्पष्टीकरण की मांग की और कहा कि किसी प्रमुख नेता ने दुर्योधन को अपना आदर्श नहीं बताया है।

पत्र में उत्तर प्रदेश के चुनावी इतिहास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने 1993, 2003 और 2012 में सरकार बनाई थी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि मुलायम सिंह यादव 1989 में जनता दल से मुख्यमंत्री बने थे, उस समय समाजवादी पार्टी का गठन नहीं हुआ था।

दीपक मिश्र ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आर्थिक मोर्चे पर सरकार की विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में मुख्यमंत्री के भाषण तथ्यों पर आधारित और गंभीर होंगे।

Similar News