बहराइच में विकास की नई इबारत: इदगाह रोड निर्माण से तेज़ हुआ चंहुमुखी प्रगति का कारवां

Update: 2026-02-20 09:53 GMT


आनन्द गुप्ता / अनवार खाँ मोनू

बहराइच। नगर पालिका परिषद बहराइच में विकास का पहिया अभूतपूर्व गति से घूम रहा है और नगर के हर कोने तक सुविधाओं की रोशनी पहुँचाने का संकल्प अब ज़मीन पर उतरता दिखाई दे रहा है। अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम करण टेकड़ीवाल की सक्रियता, दूरदर्शिता और जनसमर्पित कार्यशैली के चलते नगर में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों की झड़ी लग गई है। इसी क्रम में उनके विशेष प्रयासों से 19 फरवरी 2026 को इदगाह रोड निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई, जो क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है।

सूत्रों के अनुसार यदि प्रशासनिक औपचारिकताएँ तय समय में पूरी हो जाती हैं तो 20 रमज़ान से 25 रमज़ान के बीच सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे वर्षों से बदहाल मार्ग की समस्या इतिहास बन जाएगी। यह परियोजना न केवल आवागमन सुगम बनाएगी बल्कि आसपास के व्यापार, आवासीय क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों तक पहुँच भी आसान करेगी।

नगरवासियों का कहना है कि श्री टेकड़ीवाल की कार्यशैली में न केवल गति है बल्कि स्पष्ट जनहित की भावना भी झलकती है। लोग उन्हें ऐसे जनप्रतिनिधि के रूप में देख रहे हैं जो समस्याओं को सुनते ही नहीं बल्कि समाधान तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता भी रखते हैं।

उल्लेखनीय है कि नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा देवी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में नगर प्रशासन विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। सड़क, सफाई, जलनिकासी, स्ट्रीट लाइट और सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों में आई तेजी से यह साफ संकेत मिल रहा है कि नगर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में ठोस रणनीति पर काम हो रहा है।

जनमानस का मानना है कि अध्यक्ष श्रीमती सुधा देवी और अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री श्याम करण टेकड़ीवाल की जोड़ी नगर विकास की ऐसी मिसाल कायम कर रही है, जिसकी गूंज आने वाले समय में पूरे जनपद में सुनाई देगी। लोगों ने दोनों जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि इसी तरह विकास का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा और बहराइच शीघ्र ही आदर्श नगरों की श्रेणी में शामिल होगा।

Similar News