अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर व्यापार मंडल ने वैद्य वर्णिका को किया सम्मानित

Update: 2026-03-08 13:33 GMT


बिलारी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा शाहबाद रोड स्थित कार्यालय पर एक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका तथा उनकी बढ़ती भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जैन ने कहा कि महिलाओं के बिना समाज की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक और तकनीकी युग में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। थल सेना, वायु सेना, रेल, परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, चिकित्सा, शिक्षा और राजनीति सहित लगभग सभी क्षेत्रों में महिलाएं अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।

उन्होंने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती जैसी महिलाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि इन हस्तियों ने देश और समाज में महिला शक्ति को नई पहचान दी है। उन्होंने यह भी बताया कि इंदिरा गांधी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं, जबकि सुचेता कृपलानी उत्तर प्रदेश की पहली महिला मुख्यमंत्री रहीं। इसी तरह प्रतिभा पाटिल देश की पहली महिला राष्ट्रपति और किरण बेदी देश की पहली महिला आईपीएस अधिकारी बनीं, जिन्होंने महिला शक्ति का मान-सम्मान बढ़ाया।

व्यापार मंडल की महिला इकाई की नगर अध्यक्ष विनीता रस्तोगी ने कहा कि व्यापारिक क्षेत्र में भी महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और महिलाएं अपनी मेहनत और लगन से नई मिसालें कायम कर रही हैं।

इस अवसर पर व्यापार मंडल की ओर से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में तैनात चिकित्सा अधिकारी वैद्य वर्णिका को ग्रामीण क्षेत्रों में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने ग्रामीण अंचल में रोगियों के प्रति उनकी सेवा भावना की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बेटियों को शिक्षा और प्रशिक्षण के माध्यम से और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर शगुन जैन, चारू जैन, सुरेंद्र कुमार चुग, सुधीर अग्रवाल, दुष्यंत चौहान, सलीम अहमद, मुन्ना बैटरी, अरिहंत जैन, नितिन डुडेजा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे

Similar News