वृद्धाश्रम में खिला खुशियों का गुलाल, ह्यूमैनिटी एसोसिएशन ने बुजुर्ग महिलाओं संग मनाया महिला दिवस
बहराइच।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ह्यूमैनिटी एसोसिएशन की टीम ने नगरौर स्थित वृद्धाश्रम में रह रही बुजुर्ग महिलाओं के साथ हर्षोल्लास और आत्मीयता के माहौल में महिला दिवस मनाया। कार्यक्रम के दौरान रंग, गुलाल और मुस्कुराहटों के बीच वृद्धाश्रम का वातावरण पूरी तरह उत्सवमय हो उठा। टीम के सदस्यों ने बुजुर्ग महिलाओं के साथ समय बिताकर उन्हें सम्मान और अपनत्व का एहसास कराया।
कार्यक्रम के दौरान ह्यूमैनिटी एसोसिएशन की डायरेक्टर इंदु गौतम ने महिला दिवस के इतिहास और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनका सशक्तिकरण ही समाज की वास्तविक प्रगति का आधार है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग महिलाओं का आशीर्वाद समाज की सबसे बड़ी पूंजी है और ऐसे अवसरों पर उनके बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां बांटना हम सभी का कर्तव्य है।
महिला दिवस के अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया और गीत-संगीत के बीच कार्यक्रम का आनंद लिया। इस दौरान बुजुर्ग महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान देखने लायक थी।
कार्यक्रम में ह्यूमैनिटी एसोसिएशन के सदस्य शरीफ बाबू खान, भवेश प्रताप पाठक, नदीम अहमद और आनंद शुक्ला मौजूद रहे। वहीं वृद्धाश्रम की स्टाफ माया और रीना के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में संवेदनशीलता और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं तथा बुजुर्गों के प्रति सम्मान का संदेश देते हैं।