राज्यपाल का अभिभाषण नहीं, सरकार के लिए प्रशस्ति पत्र था भाषण: शिवपाल सिंह यादव

Update: 2026-02-09 07:43 GMT

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने राज्यपाल के अभिभाषण को लेकर सरकार पर ज़बरदस्त सियासी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी सरकार को बेनकाब करने के बजाय राज्यपाल का अभिभाषण सत्ता के लिए प्रशस्ति पत्र बनकर रह गया।

शिवपाल सिंह यादव ने सोशल मीडिया पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए लिखा कि राज्यपाल का भाषण न तो प्रदेश की बदहाल कानून-व्यवस्था पर बोला, न ही बेरोज़गारी, महंगाई और किसानों की दुर्दशा का ज़िक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा अभिभाषण सरकार की “झूठी तारीफों का महोत्सव” बन गया, जिसमें जनता के असली मुद्दे पूरी तरह गायब रहे।

सपा नेता ने कहा कि जिस प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर हो, थाने से लेकर तहसील तक जनता लुट रही हो और युवा नौकरी के लिए भटक रहा हो, वहां सरकार की पीठ थपथपाना जनता के साथ खुला मज़ाक है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या संवैधानिक पदों की गरिमा अब सत्ता के प्रचार का माध्यम बनकर रह गई है?

शिवपाल सिंह यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार चाहे जितने मंचों से अपनी वाहवाही करवा ले, लेकिन ज़मीन पर हालात किसी से छिपे नहीं हैं। जनता समय आने पर इस “तारीफी तमाशे” का करारा जवाब देगी।

Similar News