वडोदरा : महा छठ मण्डल द्वारा होली मिलन समारोह एवं संगीत संध्या का आयोजन, रंग-गुलाल और गीतों के साथ मनाया गया वसंतोत्सव

Update: 2026-03-02 12:49 GMT


रिपोर्ट : विजय तिवारी

वडोदरा।

संस्कारी नगरी वडोदरा में वसंतोत्सव और होली के पावन अवसर पर महा छठ मण्डल, वडोदरा द्वारा रविवार, 1 मार्च 2026 को छाणी स्थित गुजरात पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में भव्य होली मिलन समारोह एवं संगीत संध्या का आयोजन किया गया। शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक चले इस कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, परिवारजन और सांस्कृतिक प्रेमियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक उल्लास का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत होली पर्व की मंगलकामनाओं और अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। आयोजकों ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसी भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से महा छठ मण्डल समय-समय पर ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के लोगों को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास करता है।

संगीत संध्या में सुप्रसिद्ध गायिका नंदनी तिवारी ने पारंपरिक होली गीतों और लोकधुनों की मधुर प्रस्तुति देकर वातावरण को सुरमय बना दिया। वहीं गायक सुनील सिंह ने भोजपुरी और हिन्दी के लोकप्रिय होली गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक भी झूमते नजर आए और पूरा सभागार उत्सव के रंग में रंग गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और गीत-संगीत के साथ उत्सव का आनंद लिया। आयोजकों की ओर से अतिथियों और आगंतुकों के लिए स्वादिष्ट व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर पारंपरिक शैली में गुलाब की पंखुड़ियों से होली खेली गई, जिससे पूरा वातावरण सुगंधित और आनंदमय हो उठा। लोगों ने एक-दूसरे पर गुलाब की पंखुड़ियां उछालकर होली की बधाइयाँ दीं और प्रेम-सौहार्द का संदेश दिया।

इस अवसर पर आयोजक अमरेंद्र मिश्रा ने कहा कि होली मिलन समारोह का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर जोड़ते हुए भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और उत्सवों की परंपरा को आगे बढ़ाना है।

मण्डल के महासचिव नारायण महतो ने कहा कि समाज के लोगों के सहयोग और सक्रिय सहभागिता से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है और भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजन जारी रहेंगे।

वहीं चंद्रप्रकाश पांडेय, अरविन्द तिवारी और तनुजा तिवारी ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का पर्व है। ऐसे आयोजनों से समाज के लोगों के बीच आपसी जुड़ाव मजबूत होता है और सांस्कृतिक परंपराओं को नई ऊर्जा मिलती है।

समापन अवसर पर आयोजक मंडल ने सभी अतिथियों, कलाकारों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम उत्साह, भाईचारे और सांस्कृतिक उल्लास के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Similar News