भिवंडी मेयर चुनाव: आखिरी वक्त में बीजेपी ने बदला उम्मीदवार, अब इन्हें बनाया नया चेहरा
भिवंडी: महाराष्ट्र के ठाणे जिले की भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के मेयर चुनाव ने एक नाटकीय मोड़ ले लिया है। वोटिंग से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने आधिकारिक उम्मीदवार के नाम में बड़ा बदलाव कर सियासी गलियारों में खलबली मचा दी है। पार्टी ने अब स्नेहा मेहुल पाटील को अपना नया चेहरा घोषित किया है।
नारायण चौधरी का पत्ता कटा
इससे पहले बीजेपी ने नारायण चौधरी के नाम पर मुहर लगाई थी और उन्होंने अपना नामांकन पत्र भी दाखिल कर दिया था। माना जा रहा था कि नारायण चौधरी ही भाजपा की ओर से अंतिम चेहरा होंगे। लेकिन बुधवार को सियासी समीकरण तेजी से बदले और पार्टी ने पुराने फैसले को पलटते हुए स्नेहा मेहुल पाटील के नाम को आगे कर दिया।
शहर अध्यक्ष ने जारी किया आधिकारिक पत्र
भाजपा भिवंडी शहर अध्यक्ष रविकांत सावंत ने इस बदलाव की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने पार्टी के सभी नगरसेवकों को लिखित पत्र सौंपकर निर्देश दिया है कि अब स्नेहा मेहुल पाटील ही बीजेपी की आधिकारिक उम्मीदवार होंगी।
भिवंडी महानगरपालिका चुनाव के नतीजे
बीजेपी- 22
एनसीपी (SP)- 12
शिवसेना (शिंदे)- 12
समाजवादी पार्टी- 6
कोणार्क विकास आघाड़ी- 5
भिवंडी विकास आघाड़ी- 3
20 फरवरी को होगा मेयर पद का चुनाव
बता दें कि भिवंडी के मेयर पद के लिए चुनाव 20 फरवरी को होने जा रहा है। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका में कुल सीटों की संख्या 90 है। भिवंडी महानगरपालिका में बहुमत का आंकड़ा 40 सीटों का है। लेकिन किसी भी एक पार्टी के पास बहुमत का आंकड़ा नहीं है। बीजेपी और शिंदे की शिवसेना के मिलाकर कुल पार्षदों की संख्या 34 तक पहुंचती है। शिवसेना ने अभी स्थित साफ नहीं की है कि वह किसके साथ रहेगी। ऐसे में जोड़तोड़ की पूरी संभावना जताई जा रही है।