14 साल के वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी, रचा इतिहास

Update: 2026-02-06 11:08 GMT

14 साल की उम्र में क्रिकेट के मैदान पर तहलका मचा देने वाले वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर इतिहास रच दिया. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. ओपनिंग करने उतरे वैभव ने ऐसी विस्फोटक पारी खेली कि पूरी दुनिया की नजरें उन पर टिक गईं. वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन की धुआंधार पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के लगाए, इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 218.75 का रहा. इसी के साथ उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी

वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में शुरुआत से ही तेज गति से रन बनाए और इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई. उन्होंने सिर्फ 55 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे तेज शतक भी है. उनके लिए ये पूरा टूर्नामेंट काफी यादगार रहा. वैभव सूर्यवंशी ने 7 मैचों में 62.71 की औसत से 439 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 1 शतक के अलावा 3 अर्धशतक भी जड़े. वैभव ने इन 7 पारियों में 41 चौके और 30 छक्के लगाए, जो बाकी खिलाड़ियों के मुकाबले सबसे ज्यादा हैं.

वैभव सूर्यवंशी के बड़े-बड़े कारनामे

वैभव की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह अभी सिर्फ 14 साल के हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन सीनियर खिलाड़ियों को भी मात दे रहा है. उन्होंने पहले ही कई फॉर्मेट में शतक लगाकर नाम कमाया है. उनके कारनामों की लंबी फेहरिस्त हर किसी को चौंका रही है. उन्होंने इस छोटी सी उम्र में कई अलग-अलग लेवल और अलग-अलग फॉर्मेट में शतक लगाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है.

वैभव ने IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में 101 रन बनाए थे, तब उन्होंने काफी सुर्खियां बटोरी थीं. इसके बाद यूथ वनडे में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 52 गेंदों में शतक जड़ा, जो यूथ वनडे में सबसे तेज शतकों में से एक है. इतना ही नहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ टेस्ट में उन्होंने 78 गेंदों में शतक जड़ा था. फिर इंडिया ए के लिए एशिया कप राइजिंग स्टार्स T20 में भी उन्होंने 32 गेंदों में शतक जड़ा. इतना ही नहीं, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार के लिए उन्होंने सिर्फ 61 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए थे. इसके अलावा उन्होंने U19 एशिया कप के ओपनर में UAE के खिलाफ 95 गेंदों में 171 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. फिर विजय हजारे ट्रॉफी में भी शतक लगाने का कारनामा किया और अब वर्ल्ड कप में भी अपनी छाप छोड़ी.

Similar News