मेरठ : मंदिर परिसर में मांस फेंकने पर हंगामा, पुलिस और विधायक ने भीड़ को कराया शांत
शरारती तत्वों ने शनिवार को सरधना में एक धार्मिक स्थल पर मांस फेंककर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। सैकड़ों की भीड़ ने नारेबाजी कर हंगामा किया जिसके बाद पुलिस और भाजपा विधायक संगीत सोम ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को संभाला।
मोहल्ला चौक बाजार स्थित धार्मिक स्थल पर शनिवार सुबह श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो देखा कि मुख्य द्वार के निकट मांस के टुकड़े पड़े हैं। सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। भाजपा नगर अध्यक्ष राजीव जैन और अन्य कार्यकर्ता भी पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को भी आक्रोशित भीड़ ने घेर लिया।
इस बीच सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम भी पहुंच गए। भीड़ नारेबाजी कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रही थी। विधायक ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। किसी को भी क्षेत्र का माहौल खराब नहीं करने दिया जाएगा। इसके बाद विधायक और पुलिस के समझाने पर भीड़ शांत हुई। मंदिर के संरक्षक सतीश चंद जैन ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है। तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है।