दहेज उत्पीडन का शिकार बनी नवविवाहिता, पति समेत ससुरालियों पर जिंदा जलाने का आरोप

Update: 2019-02-02 15:07 GMT

लखनऊ । मडिय़ांव थाना क्षेत्र में दहेज लोभियों पर एक विवाहिता को जलाने का आरोप है। पीडि़ता को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। अभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीडि़ता के घरवालों ने मडिय़ांव थाने पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाकर हंगामा किया।

इंस्पेक्टर मडिय़ांव संतोष कुमार सिंह के मुताबिक मायके पक्ष की तहरीर पर आरोपित पति समेत अन्य ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीडऩ के तहत एफआइआर दर्ज कर ली गई है। महिला को बचाने में पति के दोनों हाथ झुलस गए हैं। जांच के आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अलीगंज निवासी मुन्नी देवी के मुताबिक उन्होंने वर्ष 2017 में अपनी बेटी खुशबू की शादी मडिय़ांव के एकतानगर निवासी अंसार के साथ की थी। मुन्नी देवी के मुताबिक करीब आठ महीने से अंसार अपने घरवालों के साथ दहेज की मांग को लेकर खुशबू को प्रताडि़त करता था। दहेज में उसे बाइक समेत अन्य सामान भी दिया गया था, लेकिन वह फिर भी एवेंजर बाइक और एक लाख रुपये की मांग कर रहा है। मांग पूरी न होने पर जब आरोपित पति अपने घरवालों के साथ मिलकर खुशबू को पीटने लगा तो खुशबू की मां उसे अपने साथ घर लेकर चली गई। 28 जनवरी को खुशबू का पति उसे फिर ले गया।

आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर शुक्रवार को ससुरालीजनों ने खुशबू को आग के हवाले कर दिया। उधर खुशबू के पति समेत मुकदमे में नामजद सास-ससुर का कहना है कि खुशबू ने आग स्वयं लगाई, बचाने में पति अंसार के हाथ भी जल गए। वही उसे अस्पताल भी ले गया। 

Similar News