यातायात पुलिसकर्मियों की अनदेखी कर रहे वाहन चालक तब एसएसपी ने संभाला ट्रैफिक

Update: 2018-07-24 14:29 GMT

लखनऊ में सोमवार को कई बार बारिश होने से यातायात व्यवस्था दिन भर चरमराई रही। प्रमुख मार्गों पर लोग जाम से जूझे। जवाहर भवन के सामने भीषण जाम लगा देखकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने खुद यातायात संचालन कराया। बारिश के चलते दोपहर से ही शहर की यातायात व्यवस्था चरमराने लगी। हजरतगंज, चारबाग से लेकर महानगर, पॉलीटेक्निक, मुंशी पुलिया, टेढ़ी पुलिया, कैसरबाग चौराहा, बर्लिंग्टन चौराहा, चौक, आलमबाग समेत अनेक प्रमुख मार्गों पर जाम लगा रहा।

दफ्तरों में छुट्टी के समय आसमान में काले बादल छाए देखकर लोगों में जल्दी घर पहुंचने की होड़ थी और भीषण जाम लग गया। पुलिस महानिदेशक कार्यालय से सिकंदर बाग चौराहा से अशोक मार्ग और गोखले मार्ग पर यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई।

इस बीच अशोक मार्ग से अपने आवास जा रहे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जवाहर भवन तिराहा पर गाड़ी से उतरे और अपनी टीम को साथ लेकर यातायात संचालन संभाला। यातायात पुलिसकर्मियों की अनदेखी कर रहे लोग सतर्क हो गए। तिराहे पर यातायात संचालन के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हजरतगंज व सिकंदर बाग चौराहा पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को निर्देेश देते रहे।
 

 

 

 

Similar News