शिवपाल का गृह प्रवेश सादगी के साथ हुआ

Update: 2016-10-10 01:19 GMT

रविवार को दुर्गाष्टमी पर्व पर सपा प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने पत्नी सरला यादव के साथ नगर की पुरानी पॉश कालोनी चौगुर्जी स्थित नवनिर्मित आवास में वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य हवन करके प्रवेश किया। उनके इस कार्यक्रम की भनक चुनिंदा लोगों को थी, इससे गृह प्रवेश सादगी के साथ हुआ। उनके आगमन की जानकारी होने पर थोड़ी ही देर में अतिथि गृह पर उनसे मिलने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी।

सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने अपने इस आवास का दोबारा आधुनिक साज सज्जा के अनुरूप निर्माण कराया है। चैत्र मास के नवरात्र में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने सपरिवार अपने नए आवास में गृह प्रवेश किया था, अश्विन मास के शारदीय नवरात्र में उनके अनुज शिवपाल सिंह यादव ने सादगी के साथ वैदिक कर्मकांड के अनुरूप गृह प्रवेश किया। इस मौके पर विधायक भरथना सुखदेवी, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, सपा जिला महासचिव कृष्णमुरारी गुप्ता, कर्मराज यादव तथा कोमल सिंह यादव उपस्थित थे। गृह प्रवेश के पश्चात वे सपा जिलाध्यक्ष अशोक यादव, उमेश दीक्षित के साथ अपराह्न डेढ़ बजे सिंचाई विभाग के अतिथि गृह पहुंचे तो उनसे मिलने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। उन्होंने अधिकतर लोगों से मुलाकात करके उनकी समस्या के अनुरूप आश्वासन दिया। इस मौके पर पूर्व मंत्री रामप्रसाद सविता, राकेश यादव, इश्तियाक कुरैशी,  सपा नेता उपस्थित थे।

Similar News