कासगंज दंगे के आरोपी वसीम-नसीम भी गिरफ्तार

Update: 2018-02-08 01:10 GMT
कासगंज दंगे के दो और आरोपियों को पकड़ने में बुधवार को पुलिस को सफलता मिल गई। मृत चंदन की हत्या और दंगे के मामले में मुख्य आरोपी सलीम को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। बुधवार को उसके दोनों सगे भाई वसीम और नसीम भी पुलिस के हत्थे चढ़ गये। वहीं, प्रशासन ने आरोपियों के असलाह लाइसेंस भी निलंबित कर दिए हैं। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल चंदन गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में चंदन के पिता की ओर से नामजद लोगों समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
मुकदमे के मुख्य आरोपियों में तीन सगे भाई शामिल हैं। पुलिस ने बुधवार को आरोपियों में दो सगे भाइयों वसीम और नसीम पुत्रगण बरकतउल्ला को हजारा नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कोतवाल रिपुदमन सिंह ने वसीम और नसीम को एक-एक तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। उधर, जिला प्रशासन ने आरोपियों के दो लाइसेंसी असलाह इनमें रिवाल्वर और बंदकू के लाइसेंस हैं, निलंबित कर दिए।
 यह जानकारी देते हुए डीएम आरपी सिंह ने बताया कि लाइसेंसों के मामले में आगे कार्यवाही की जा रही है। इससे पहले पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और बाद की पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखा। शाम को आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल पहुंचाने के बाद प्रकरण का खुलासा किया गया। 

Similar News