भाजपा सरकार के धार्मिक उन्माद को बढ़ावा देने से हुई है कासगंज की घटना: सपा
सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश के हालात सरकार के नियंत्रण से बाहर हो गए हैं। दंगा, लूट, अराजकता से आम जनजीवन त्रस्त है। कासगंज की घटना में भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती।
राज्यपाल का यह बयान कि कासगंज की घटना कलंक है, सच्चाई के बेहद नजदीक है। राज्यपाल ने पिछले सप्ताह सपा के डेलीगेशन से मुलाकात में दोहराया था कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार की जरूरत है।
चौधरी ने सोमवार को यहां कहा कि भाजपा सरकार की धार्मिक उन्माद और जातीय वैमनस्य को प्रोत्साहन देने की साजिश ही कासगंज की घटना है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए काला धब्बा है। भाजपा की राजनीति इसी तरह के बंटवारे की रही है। उसी का नतीजा है कि लोग मारे जा रहे हैं। जनजीवन अस्त-व्यस्त है, जान-माल की कोई सुरक्षा नहीं है। जनजीवन सामान्य करने के तत्काल प्रयास किए जाएं।