लखनऊ : समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था के प्रति गंभीर नहीं है। सरकार में मंत्रियों के रिश्तेदार तक सुरक्षित नहीं हैं। अखिलेश यादव ने यह बात जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट में पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब मंत्री और उनके परिजन सुरक्षित नहीं हैं तो ऐसे हालात में आम आदमी की सुरक्षा कर पाना बड़ा सवाल बन गया है। अपराधियों ने सरकार का मजाब बना रखा है। सरकार राजनीतिक द्वेष भावना के चलते समाजवादियों के फोन टेप करा रही है। भाजपा सरकार ने समाजवादियों के 10 हजार फोन कॉल टेप कराए। आलू कांड में समाजवादियों को फंसाने के लिए फोन कॉल टेप कराए गए। इससे पहले किसानों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात में अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को पहले तो धोखा दिया और अब उन्हें अपमानित किया जा रहा है। आलू किसानों को अपराधी बताया जाना और एसएसपी की प्रेस कांफ्रेस में उनको नकाब पहनाकर पेश किया जाना घोर निदंनीय है।उन्होंने कहा कि एक तो भाजपा सरकार ने किसानों से धोखा किया और अब उनको अपमानित कर रही है। किसानों की आवाज उठाने वाले नौजवानों का उत्पीड़न कर उन्हें झूठे केसो में फंसाया जा रहा है।