बच्चों के लिए तालीम से बढ़कर कोई तोहफा नहीं: अपर्णा यादव

Update: 2016-05-07 02:50 GMT


लखनऊ : बच्चों के लिए तालीम से बढ़कर कोई तोहफा नहीं है। तालीम सिर्फ किताबी नहीं बल्कि सामाजिक और कानूनी भी होनी चाहिए। मौके बहुत आएंगे और जाएंगे, परन्तु जो मौका जीवन में संस्कार का संचार करे, उस मौके को हाथ से कदापि न जाने दें। उक्त बातें कैंट विधानसभा क्षेत्र की प्रत्याशी, समाज सेविका और मुलायम सिंह यादव की छोटी बहु अपर्णा यादव ने निराला नगर स्थित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में पुरस्कार वितरण समारोह में कहीं।


समारोह में यादव बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थीं। अपर्णा यादव ने बच्चों का हौसला अफजाई करते हुए कहा कि हौसले और लगन से काम किया जाय तो सफलता खुद-ब-खुद कदम चूमती है। उन्होंने कहा कि मैंने भी अपने जीवन में बहुत संघर्ष किया है जिसका नतीजा है कि आज मैं यहां खड़ी हूं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी के ऊपर दोषारोपण करना बहुत आसान है परन्तु हम यह कभी नहीं देखते कि हम कितने जागरूक हैं। उन्होंने कहा कि सिस्टम में पारदर्शिता लाने के लिए आरटीआई लागू किया गया, लेकिन कुछ लोगों ने इसे धंधा बना दिया। छोटी-छोटी सामाजिक संस्थाओं ने सरकारी धन का दुरयोग किया। यह सब ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यही सब देखते हुए सिस्टम को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रदेश की सपा सरकार ने सूचना आयोग को मजबूत किया, और ऐसे आयुक्तों की नियुक्ति किये जिससे आरटीआई का दुरपयोग न हो सके।


अपर्णा यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक विशाल राज्य है। विश्व का प्रत्येक छठां व्यक्ति यूपी से आता है। इतने बड़े प्रदेश का संचालन प्रदेश सरकार बहुत ही संजीदगी से कर रही है। प्रदेश सरकार की तमाम कल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश की जनता सीधे लाभान्वित हो रही है। यादव ने इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण की भी बात की। उन्होंने महिलाओं के प्रति समाज का नजरिया बदलने पर जोर दिया। सम्मानित हुए छात्रों में प्रथम पुरस्कार शारिक हसन उस्मानी, द्वितीय पुरस्कार सोनाली एवम् तृतीय पुरस्कार यश चंद्रा ने प्राप्त किया।


Similar News