14 से शुरू होगा बाबा कालभैरव मंदिर का वार्षिकोत्सव, नाथ संप्रदाय के अघोरियों द्वारा सम्पन्न होगा पूजन

Update: 2024-12-12 10:23 GMT


बहराइच। शहर के त्रिमुहानी घाट श्मशान पर स्थित श्री श्री श्री महाकाल भैरव मंदिर का सप्तम दो दिवसीय वार्षिकोत्सव कल से प्रारम्भ होगा। वार्षिकोत्सव के प्रथम दिवस में महाराजाधिराज बाबा महाकाल भैरव का महाभिषेक व अष्ट भैरव संग चौसठ योगिनी पूजन,मात्रिका पूजन के साथ ही प्रातः 9 बजे से महाकालिका पूजन आरती एवं प्रसाद वितरण होगा। इस दौरान गुप्तवास के कारण परिसर में ही महाराजाधिराज बाबा काल भैरव जी की नगर भ्रमण यात्रा निकाली जाएगी।

श्री श्री श्री काल भैरव श्मशान घाट सेवा मण्डल के तत्वाधान में शहर के स्वर्ग धाम त्रिमुहानी घाट स्थित श्री श्री श्री महाकाल भैरव मन्दिर पर सप्तम दो दिवसीय वार्षिकोत्सव का आयोजन कल से प्रारम्भ होगा। आयोजन में महाराजाधिराज बाबा महाकाल भैरव जी का महाभिषेक,दश महाविद्या पूजन,महाकालिका पूजन एवं खप्पर भोग दिया जाएगा। सर्वप्रथम 14 दिसम्बर को प्रातः 9 बजे से भैरव नाम संकीर्तन और महाकालिका पूजन होगा। 15 दिसम्बर को प्रातः 8 बजे से दोपहर 11 बजे तक महाराजाधिराज बाबा काल भैरव का महाभिषेक होगा इसके पश्चात 12 बजे आरती व 2 बजे से भण्डारा प्रसाद कार्यक्रम आरम्भ होगा। सायं 6 बजे से अष्ट भैरव पूजन होगा ततपश्चात पुष्पों से सजे रथ में सवार होकर बाबा नगर भ्रमण के लिये निकलेंगे। गुप्तवास के चलते श्मशान परिसर में ही बाबा की शोभा यात्रा निकाली जाएगी। दंडाधिकारी होने के कारण रथ पर विराजने से पूर्व पुलिस के अधिकारी बाबा काल भैरव का पूजन कर सम्पूर्ण नगरवासियों के सुख समृद्धि की प्रार्थना करेंगे।

बाबा महाकाल भैरव के दो दिवसीय वार्षिकोत्सव का संयोजन शाक्त ईशान रजनीश के सानिध्य में होगा जबकि उत्तरदिशानी अघोर अखाड़ा परिषद तारा पीठ से पधारे नाथ संप्रदाय के योगी नटेश्वरी पंथ के साधक श्री श्री 1008 अघोरी बाबा बैद्यनाथ, अघोरी बाबा ज्ञानी नाथ, महाराष्ट्र राज्य के अघोरी बाबा अविनाश नाथ,अघोरी बाबा उतुल,अघोरी बाबा गणेश नाथ एवं गुजरात राज्य के नाथ योगी अघोरी बाबा शिवनाथ योगी के निर्देशन में विधिवत पूजन अर्चन सम्पन्न होगा। कार्यक्रम संयोजक शाक्त ईशान रजनीश ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। 14 दिसम्बर से शुरू होने बाबा काल भैरव मंदिर के वार्षिकोत्सव में इस बार कई राज्यों के अघोरी पूजन सम्पन्न कराने हेतु पधार रहे हैं जिनके कृपा सानिध्य में सम्पूर्ण कार्यक्रम विधिवत सम्पन्न किया जाएगा।

Similar News

Budget 2026 Income Tax Update: