सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर FIR की मांग, हसनगंज थाने में दिया गया प्रार्थना पत्र
लखनऊ।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अपमानजनक पोस्ट करने के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी, लखनऊ के अध्यक्ष रुद्र दमन सिंह बब्बल ने थाना हसनगंज में प्रार्थना पत्र देकर एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि 3 फरवरी को लगभग दोपहर 2 बजे, जब वे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, नेहरू भवन (10 माल एवेन्यू) में अपने संगठन के साथियों के साथ मौजूद थे, उसी दौरान सोशल मीडिया पर मनीष शुक्ला नामक फेसबुक आईडी से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व मंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय राय की तस्वीर को आपत्तिजनक एवं अपमानजनक तरीके से पोस्ट किया गया। पोस्ट में न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भड़काने वाली धमकी भी दी गई।
शिकायत के अनुसार, उक्त फेसबुक आईडी से इसी प्रकार की एक और आपत्तिजनक पोस्ट भी साझा की गई, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। आरोप है कि इस तरह की पोस्ट से प्रदेश अध्यक्ष की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे जनमानस में उनकी मानहानि हो रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाए। शिकायत के साथ आपत्तिजनक पोस्ट की प्रतियां और संबंधित फेसबुक आईडी का विवरण भी संलग्न किया गया है।