शराब तस्करी में महिलाओं की बढ़ती संलिप्तता,चंदौली में 5 महिला समेत 11 गिरफ्तार

Update: 2025-07-08 01:17 GMT


रिपोर्ट: ओ पी श्रीवास्तव संग मोहम्मद अफजल

चंदौली/डीडीयू नगर: खबर जनपद चंदौली से है जहां शराब तस्करी जैसे अपराध में अब महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सामने आ रही है। ताजा मामला चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस व आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 5 महिलाओं समेत कुल 11 तस्कर गिरफ्तार किए गए। इन सभी के पास से 87 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत बिहार प्रान्त के अनुसार 1 लाख 30 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार की गई महिलाओं की संलिप्तता ने कानून व्यवस्था और समाजशास्त्र से जुड़े कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या ये महिलाएं केवल परदे के पीछे के पुरुष तस्करों की ढाल हैं, या फिर अब वे खुद इस अवैध कारोबार का हिस्सा बन चुकी हैं? पुलिस इस पहलू की भी बारीकी से जांच कर रही है।

सटीक सूचना से मिली बड़ी सफलता

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस व RPF की टीम ने महिला उपनिरीक्षक सरिता गुर्जर की सूचना पर 6 जुलाई को लोको कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के पास छापा मारकर यह कामयाबी हासिल की। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 87 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।गिरफ्तार महिलाओं में संजू देवी (नवादा),देवन्ती देवी (सासाराम),रेखा देवी (पटना),सावित्री देवी (पटना),

मंजूरिया देवी (बेगूसराय) ये सभी महिलाएं बिहार की रहने वाली हैं और तस्करी के लिए संगठित रूप में काम कर रही थीं।गिरफ्तार पुरुष तस्कर भी बिहार के विभिन्न जिलों से ताल्लुक रखते हैं, जो नेटवर्क बनाकर शराब को बिहार भेजने की तैयारी में थे।

महिलाओं की इस तरह की संलिप्तता न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि सामाजिक ढांचे के लिए भी चिंताजनक संकेत है। गृहणियों की आड़ में तस्करी का नया ट्रेंड सामने आ रहा है जिसे रोकने के लिए कड़े सामाजिक और कानूनी कदम उठाने की आवश्यकता है।

गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, उनि गिरीश चंद्र राय, महिला कांस्टेबल सुनिधि सिंह के अलावा RPF की महिला उपनिरीक्षक सरिता गुर्जर, सहायक उपनिरीक्षक प्रभुनाथ राय व टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

Similar News