विश्व पर्यावरण दिवस 2025 की पूर्व संध्या पर पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में जागरूकता कार्यक्रमों का आगाज़
डीआरएम ने दिलाई 'हरित शपथ', प्रभात फेरी, सिग्नेचर कैंपेन और जूट बैग वितरण जैसे कई आयोजन
रिपोर्ट: मोहम्मद अफजल, डीडीयू नगर
चंदौली/ पं. दीन दयाल उपाध्याय नगर: विश्व पर्यावरण दिवस 2025 की तैयारी के तहत पं. दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जन-जागरूकता अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के नेतृत्व में मंडल कार्यालय से कार्यक्रमों की शुरुआत हुई, जहां सभी रेलकर्मियों को 'हरित शपथ' दिलाई गई।
प्लास्टिक छोड़ो, प्रकृति से नाता जोड़ो—
इस संदेश के साथ निकाली गई प्रभात फेरी ने वातावरण में हरियाली का संकल्प बिखेरा। फेरी मंडल कार्यालय से प्रारंभ होकर यूरोपीयन कॉलोनी होते हुए पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तक पहुँची, जिसमें स्काउट एंड गाइड, स्कूली छात्र, और बड़ी संख्या में रेलकर्मी सम्मिलित हुए।
जंक्शन परिसर में हस्ताक्षर अभियान (Signature Campaign) का आयोजन हुआ, जिसमें यात्रियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। साथ ही यात्रियों के बीच जूट बैग वितरित किए गए, जिससे प्लास्टिक उपयोग को हतोत्साहित किया जा सके।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री दिलीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सैकड़ों रेलकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रमों का संचालन पर्यावरण एवं गृह प्रबंधन विभाग के समन्वय से किया गया।रेल मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों—गया, सासाराम, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन आदि पर भी इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह अभियान आगामी 5 जून तक चलेगा, जिसमें स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण एवं प्लास्टिक-मुक्त परिवेश जैसे विषयों पर विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।मंडल प्रशासन का उद्देश्य है कि इन आयोजनों के माध्यम से पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता को सशक्त किया जाए और ‘हरित एवं स्वच्छ भारत’ की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए जाएं।