अंबेडकर जयंती पर बहराइच में संघ का भव्य पथ संचलन, जगह-जगह हुआ अभिनंदन

Update: 2026-04-13 10:08 GMT


आनन्द गुप्ता /अनवार खाँ मोनू

बहराइच। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा शहर में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों स्वयंसेवकों ने अनुशासित ढंग से सहभागिता की। नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर संचलन का स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुधा देवी के नेतृत्व में स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया गया। इस दौरान विशेष रूप से एंटी स्मोक गन के माध्यम से मार्ग पर पानी का छिड़काव कराया गया, जिससे धूल और धुएं पर नियंत्रण रखते हुए लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।

शहर के प्रमुख स्थानों पर समाजसेवियों और संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष श्याम करण टेकड़ीवाल ने अपने आवास पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। वहीं बहराइच डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों—अध्यक्ष सुनील बंसल, महासचिव विनय प्रकाश आर्य और कोषाध्यक्ष दीपेश अग्रवाल—ने भी गर्मजोशी से स्वयंसेवकों का सम्मान किया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष ने अपने उद्बोधन में डॉ. अंबेडकर के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि संविधान निर्माण में उनकी भूमिका अतुलनीय रही है। उन्होंने समाज में एकता, बंधुता और संगठन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि मजबूत और संगठित समाज ही प्रगति की दिशा तय करता है। भारतीय संस्कृति को मार्गदर्शक बताते हुए उन्होंने सभी को मिलकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

उन्होंने संघ संस्थापक डॉ. हेडगेवार के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि संघ का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच और सद्गुणों का विकास करना है। शाखाओं के माध्यम से तैयार स्वयंसेवक राष्ट्रहित में निरंतर कार्य कर रहे हैं।

पथ संचलन महाराज सिंह इंटर कॉलेज से दो अलग-अलग मार्गों पर निकाला गया, जो शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों से होकर पुनः कॉलेज परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यवाह भूपेंद्र ने किया। इस अवसर पर संघ के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Similar News