अनुश्री महाविद्यालय में शोक की लहर, संस्थापक सदस्य प्रो. यू.पी. सिंह का निधन

Update: 2025-09-27 08:02 GMT


भदोही। अनुश्री महाविद्यालय के संस्थापक सदस्य एवं न्यासी तथा वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के पूर्व कुलपति प्रोफेसर यू.पी. सिंह का 27 सितंबर 2025 को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से महाविद्यालय सहित पूरे शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

महाविद्यालय के संस्थापक प्रो. देवी प्रसाद सिंह ने बताया कि गाजीपुर जिले के निवासी प्रो. सिंह गोरक्षपीठ के लगातार तीन पीठाधीश्वरों—महंत दिग्विजयनाथ, महंत अवेद्यनाथ और वर्तमान पीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ—के सानिध्य में लंबे समय तक जुड़े रहे। गणित विषय के विद्वान रहे प्रो. सिंह की पहली नियुक्ति महाराणा प्रताप महाविद्यालय में हुई थी। गोरखपुर विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद वे विश्वविद्यालय में गणित के प्राध्यापक बने।

उन्होंने अपने शैक्षिक जीवन में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति रहने के साथ ही वे 2018 से महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष पद पर कार्यरत रहे। अस्वस्थता के बावजूद वे परिषद के कार्यों और अध्ययन में सक्रिय बने रहे। वर्ष 2021 में महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर की स्थापना के समय उन्हें प्रति कुलाधिपति नियुक्त किया गया। इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विद्या भारती में भी विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया।

महाविद्यालय परिवार ने प्रो. सिंह को अपनी संस्था का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके निधन से शिक्षा जगत ने एक प्रखर विद्वान और कर्मठ संगठनकर्ता को खो दिया है। संस्था ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।

— डॉ. उर्जस्विता सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष, अनुश्री पी.जी. कॉलेज

Similar News