‘प्रधानमंत्री पद उनके खानदान का पेटेंट…’, बृजभूषण सिंह ने किया राहुल गांधी पर कटाक्ष

Update: 2025-05-24 11:50 GMT

सुलतानपुर। कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा के पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह नेता प्रतिपक्ष व रायबरेली सांसद राहुल गांधी पर जमकर हमलावर दिखे। उन्होंने कहा कि राहुल को लगता है कि प्रधानमंत्री पद उनके खानदान का है पेटेंट। उनके बयान से पाकिस्तान में खुशी की लहर दौड़ती है।

पूर्व सांसद जिला मुख्यालय पर एक निजी अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के चार-छह साल का बयान देख लीजिए। यह कांग्रेस का दुर्भाग्य है कि राहुल जैसे नेता को ढो रही है। इनकी पार्टी इसी में समाप्त हो गई और बाकी जो बची है समाप्त हो जाएगी।

उन्होंने कहा अभी मैं उनका बयान देख रहा हूं, जिसमें कह रहे कितने जहाज गिरे? क्या राहुल गांधी चाहते हैं कि हिंदुस्तान के सब जहाज पाकिस्तान मार गिराए, इसी में उनको खुशी होगी क्या? ये हिसाब-किताब, लेखा-जोखा जो मांग रहे हैं, ये दस रोज बाद नहीं मांग सकते।


 

बृज भूषण ने आगे कहा कि आप (राहुल) कहते थे सरकार जो भी करेगी हम उसके साथ हैं। अरे अभी राख भी ठंडी नहीं हुई, महाराज (राहुल गांधी) लेखा-जोखा मांगने लगे। आप (राहुल) ऐसा लेखा-जोखा मांगते हो, ऐसा प्रश्न करते हो जिससे पाकिस्तान में खुशी की लहर दौड़ जाती है। पाकिस्तान की मीडिया उसको उठाती है।

बृज भूषण ने राहुल से सवाल किया क्या उनको अपनी देश की सेना पर भरोसा नहीं है? मैं मानता हूं आप प्रधानमंत्री को न प्रधानमंत्री मानते हो? क्योंकि आपको लगता है प्रधानमंत्री पद जो है, ये खानदान का पेटेंट है।

 

पूर्व सांसद ने राहुल से सवाल किया कि क्या इस देश को अपना देश मानते हो? इस देश की सेना को अपनी सेना मानते हो, तो ऐसा सवाल न करो। इसलिए मैं इस बयान की घोर निंदा करता हूं। 

Similar News