राकेश टिकैत प्रकरण: पगड़ी गिराने वाला शख्स हिरासत में, भाकियू जिलाध्यक्ष की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
मुजफ्फरनगर में जन आक्रोश रैली कार्यक्रम में किसान नेता राकेश टिकैत की पगड़ी गिराने के मामले में पंचायत का आयोजन किया गया है। विभिन्न जिलों से भाकियू पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस पंचायत में शामिल होने में पहुंचे हैं।
मुजफ्फरनगर भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत किसानों के काफिले के साथ किसान मजदूर पंचायत के निकले। उनके साथ गाड़ियों और ट्रैक्टरों का काफिला भी पहंचा। इससे पहले सुबह किसान भवन पर उन्होंने किसान मसीहा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किए। जीआईसी में पंचायत जारी है।
दरअसल, मुजफ्फरनगर में शुक्रवार को टाउन हॉल पर जन आक्रोश रैली का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान किसान नेता राकेश टिकैत भी पहुंचे थे, जहां पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उनके साथ नारेबाजी हूटिंग और धक्कामुक्की कर दी, इस दौरान राकेश टिकैत की पगड़ी भी गिरा दी गई। इसे लेकर भाकियू में रोष है। इसके विरोध में आज भाकियू की विशाल पंचायत आयोजित की गई है। विभिन्न जिलों से भाकियू पदाधिकारी व कार्यकर्ता इस पंचायत में शामिल होने में पहुंचे हैं।
टिकैत के साथ अभद्रता पर भाकियू जिलाध्यक्ष ने दी तहरीर
मुजफ्फरनगर में जन आक्रोश यात्रा के दौरान भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के साथ किए गए दुर्व्यवहार पर किसानों के बीच नाराजगी है। भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है।
सीसीटीवी और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि टिकैत को घेरने, झंडा मारने की कोशिश करने और हूटिंग करने में कौन-कौन शामिल थे। फिलहाल पुलिस ने जिलाध्यक्ष की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।