नामित सभासदों ने शपथ ग्रहण कर लिया विकास का संकल्प

Update: 2026-04-13 16:15 GMT


आनन्द गुप्ता /अनवार खाँ मोनू

बहराइच। नगर के कपूरथला परिसर स्थित उत्थान मल्टीपर्पज ऑडिटोरियम में नगर पालिका परिषद बहराइच के नामित सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह भव्य व गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों की मौजूदगी में नव-नामित सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा देवी ने शासन द्वारा नामित सभासदों—फीगंज निवासी नितिन रूपानी, चिक्कीपुरा निवासी सुनील श्रीवास्तव, घसियारीपुरा निवासी रीति निगम, गुदड़ी निवासी बैजनाथ रस्तोगी तथा विपिन यज्ञसैनी—को विधिवत शपथ दिलाई।

समारोह में सांसद डॉ. आनन्द गोंड, सदर विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल, पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय एवं पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और निर्वाचित सभासद उपस्थित रहे।

शपथ ग्रहण के उपरांत सभी नामित सभासदों ने नगर के समग्र विकास, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी प्रमिता सिंह, अन्य अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Similar News