चित्रकूट के विद्यालय में पढ़ाई की जगह “सेवा” कराने का आरोप, वायरल वीडियो के बाद प्रधानाध्यापिका निलंबित
रिपोर्ट : विजय तिवारी
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के कर्वी नगर क्षेत्र स्थित नया बाजार प्राथमिक विद्यालय से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां तैनात विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पर आरोप है कि वह कक्षा में पढ़ाई कराने के बजाय छात्राओं से निजी काम करवाती थीं। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है।
वायरल वीडियो में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मधु राय कक्षा में पेट के बल लेटी हुई मोबाइल फोन चलाती नजर आती हैं। वहीं आसपास बैठी कुछ छात्राएं उनके बालों से जुएं निकालती और पीठ व पैरों की मालिश करती दिखाई दे रही हैं। यह दृश्य सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
मामले की जानकारी मिलने पर B. K. Sharma (जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी) ने तत्काल संज्ञान लिया और नगर क्षेत्र कर्वी के खंड शिक्षा अधिकारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। प्रारंभिक जांच और उपलब्ध वीडियो के आधार पर प्रधानाध्यापिका मधु राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि विभागीय जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में इस प्रकार की शिकायतें पहले भी सुनने को मिलती रही थीं, जिससे पढ़ाई का माहौल प्रभावित होने की बात कही जाती थी। इस बीच किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो सामने आते ही मामला सार्वजनिक हो गया और शिक्षा विभाग हरकत में आ गया।
जांच के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय पहुंचकर वहां तैनात शिक्षकों और कर्मचारियों से पूछताछ किया गया। उस समय प्रधानाध्यापिका मधु राय चिकित्सकीय अवकाश पर बताई गईं। अधिकारियों ने विद्यालय के अन्य शिक्षकों के बयान दर्ज किए और फोन कॉल पर भी उनसे संपर्क किया गया। बाद में प्रधानाध्यापिका ने व्हाट्सऐप के माध्यम से लिखित स्पष्टीकरण भेजकर छात्राओं से काम करवाने के आरोपों को खारिज किया है।
फिलहाल शिक्षा विभाग का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की प्रशासनिक कार्रवाई तय की जाएगी। यह घटना सामने आने के बाद विद्यालयों में बच्चों के अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।