कानपुर: पनकी स्थित प्राइवेट बैंक की महिला कर्मी का वीडियो वायरल, सफाई में बोलीं- गलत संदर्भ में फैलाया गया
कानपुर के पनकी इलाके में स्थित एक प्राइवेट बैंक की महिला कर्मचारी का गुस्से में बहस करता हुआ वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में महिला कर्मचारी खुद को “ठाकुर” बताते हुए किसी व्यक्ति से उलझते हुए नजर आ रही हैं। साथ ही वह अभद्र भाषा का प्रयोग करती दिखाई दे रही हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि जब महिला के सहकर्मी उन्हें शांत कराने का प्रयास करते हैं, तब वह उनकी बात अनसुनी कर सामने मौजूद व्यक्ति पर गुस्सा उतारती रहती हैं। इस दौरान महिला कर्मचारी कथित तौर पर एक ग्राहक की ओर लैपटॉप फेंकने का प्रयास करती हुई भी नजर आती हैं। वायरल वीडियो में महिला बैंक कर्मी का नाम आस्था सिंह बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो एक-दो दिन पुराना है, हालांकि अब इस मामले में आस्था सिंह का एक दूसरा वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने पूरे घटनाक्रम को लेकर अपनी सफाई दी है। आस्था सिंह के अनुसार, वायरल हो रहा वीडियो किसी बैंक ग्राहक से विवाद का नहीं है, बल्कि यह झगड़ा उनकी ही एक सहकर्मी के पति के साथ हुआ था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वीडियो 6 जनवरी का है और इसे अब गलत संदर्भ में सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। अपने बयान “ठाकुर हूं मैं” को लेकर सफाई देते हुए आस्था सिंह ने कहा कि उन्हें अपनी जाति पर गर्व है और यह बात उन्होंने अपने आत्मसम्मान में कही थी।
फिलहाल वीडियो को लेकर बैंक प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।