कोनार डैम में सीएसआर वार्षिक बैठक: विस्थापित गांवों के विकास हेतु बड़े प्रस्ताव, महमूद आलम ने रखे महत्वपूर्ण सुझाव

Update: 2026-02-24 12:42 GMT


विष्णुगढ़ (बोकारो/हजारीबाग):

डीवीसी के कोनार डैम स्थित सीएसआर कार्यालय में विस्थापित ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को लेकर वार्षिक सीएसआर बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास से जुड़े कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए और उन्हें डीवीसी चेयरमैन को अग्रसारित किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर एवं हाई मास्ट लाइट लगाई जाएगी, किसानों को हल उपलब्ध कराया जाएगा, गांवों में पीसीसी पथ का निर्माण कराया जाएगा तथा पेयजल सुविधा के लिए डीप बोरिंग की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही कोनार डैम डीवीसी अस्पताल में कुत्ता एवं सांप काटने की दवा उपलब्ध रखने पर भी सहमति बनी।

बैठक के दौरान महमूद आलम (मुख्य संयोजक, झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा) ने ग्रामीण हित में कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने मांग की कि गरीब एवं विस्थापित ग्रामीणों के लिए मोतियाबिंद सहित आंखों के ऑपरेशन की स्थायी व्यवस्था कोनार डैम एवं बोकारो थर्मल डीवीसी अस्पताल में सुनिश्चित की जाए। साथ ही सुदूर गांवों में खेल सामग्री उपलब्ध कर युवाओं को खेलकूद से जोड़ने और नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया।

बैठक की अध्यक्षता विष्णुगढ़ प्रखंड के जिला पार्षद मध्य शेख तैय्यब एवं सांसद प्रतिनिधि डूमर चंद महतो ने की, जबकि संचालन सीएसआर प्रोजेक्ट ऑफिसर सुनील कुमार ने किया। बैठक में विस्थापित समन्वय समिति के केंद्रीय अध्यक्ष दिनेशर मंडल, डॉ. बैजनाथ मंडल, नवल कुमार सिंह, सिकंदर मंडल, नुनु गोपाल, कुमार हंसदा सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

बैठक में पारित प्रस्तावों को शीघ्र क्रियान्वयन हेतु डीवीसी प्रबंधन को भेज दिया गया है।

Similar News