दामाद पर ससुरालवालों का कहर, चारपाई से बांधकर पीटा

Update: 2019-11-15 10:54 GMT

आगरा में पत्नी को लेने ससुराल गए दामाद के साथ ऐसा सलूक हुआ, जो उसने सपने में भी नहीं सोचा होगा। ससुरालवालों ने दामाद को चारपाई पर बांधकर पीटा। मोबाइल से इसका वीडियो बनाकर उसके परिजनों को भेज दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लड़की पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है। हालांकि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक थाने में कोई शिकायत नहीं दी गई है। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।

मामला थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव नगला दलेल का है। फतेहाबाद क्षेत्र निवासी सुभाष पुत्र कालीचरण की शादी एक साल पहले गांव नगला दलेल की युवती से हुई थी। आरोप है कि सुभाष अपनी पत्नी से मारपीट करता था।

पत्नी को लेने गया था युवक

मारपीट से तंग पत्नी विगत दिनों अपने मायके नगला दलेल चली गई। कई दिन हो गए, जब पत्नी नहीं आई तो बुधवार को पति सुभाष उसे लेने के लिए ससुराल पहुंच गया। वहां उसका ससुराल वालों से विवाद हो गया।

आरोप है कि ससुराल वालों ने सुभाष के पैरों में लाठी फंसा उसे चारपाई पर बांध दिया। इसके बाद उसे जमकर पीटा गया। आरोपियों ससुराल वालों ने मोबाइल से घटना वीडियो बनाया, जो सुभाष के परिवार को भेज दिया।

वीडियो देखकर युवक के परिजन दंग रह गए। उन्होंने वहां पहुंचकर उसे ससुरालवालों के चंगुल से मुक्त कराया। वहीं शुक्रवार को वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई थाना पुलिस आरोपी पक्ष के पांच लोगों को थाने ले गई।

सीओ पिनाहट बीएस वीर कुमार ने बताया कि युवक को बंधक बनाये जाने का मामला सामने आया है। जिसमें पांच लोगों पर शांति भंग में कार्रवाई की है। दोनों पक्ष रिश्तेदार हैं। उनके बीच समझौता हो गया है।

Similar News