अखिलेश ने कहा कि पुलिस ने पुष्पेंद्र यादव का फर्जी एनकाउंटर किया, सरकार से पूछे सात सवाल...

Update: 2019-10-10 10:56 GMT

झांसी,। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पुष्पेंद्र मुठभेड़ मामले में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर कई सवाल उठाए हैं। अपने झांसी दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश में अब राम राज नहीं बल्कि नाथूराम राज है। अखिलेश ने कहा कि पुलिस ने पुष्पेंद्र यादव का फर्जी एनकाउंटर किया है।

अखिलेश ने पुष्पेंद्र मुठभेड़ की जांच हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज कराने की मांग को दोहराते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अब मॉब लिंचिंग के साथ पुलिस लिंचिंग भी होने लगी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से पुष्पेंद्र की हत्या की गई उससे तो यही लगने लगा है कि अब भाजपा शासन में उत्तर प्रदेश में राम राज नहीं नाथूराम राज है।

अखिलेश यादव ने पुष्पेंद्र मुठभेड़ को फर्जी बताया और कहा कि इसके लिए स्थानीय प्रशासन जिम्मेदार है। जिला प्रशासन ने पुष्पेंद्र के भाई को भी इस मामले में आरोपित बनाया है जो सीआइएसएफ में जवान है और घटना के वक्त दिल्ली में ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने पूछा कि क्या राष्ट्रवादी सरकार जो हर दिन पाकिस्तान को गाली देती है, वह उस जवान को न्याय दिलाएगी। पुष्पेंद्र की हाल ही में शादी हुई थी, क्या उसकी पत्नी को न्याय दिलाएगी...यह सबसे बड़ा सवाल है।

अखिलेश ने सरकार से पूछे सात सवाल...

एनकाउंटर का समय क्या था?

पुलिस की मानें तो रात में एनकाउंटर हो गया, लेकिन दिनभर लाश क्यों घुमाते रहे?

शाम को क्यों पोस्टमार्टम कराया गया?

परिवार और पुलिस के बयान में अंतर क्यों?

गाड़ी में सीट के पीछे खून था?

एंबुलेंस कैसे पीछे-पीछे चल रही थी?

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अभी तक क्यों नहीं आई?

पुलिस के टॉर्चर से लोग परेशान

अखिलेश यादव ने कहा कि हमें और आपको सरकार ने शौचालय में उलझा दिया और खुद बड़ी-बड़ी डील कर लीं। उन्होंने सवाल किया कि बुंदेलखंड में बनने वाले डिफेंस कॉरिडोर में क्या बनेगा। इसके बाद पूछा कि जब फ्रांस से नींबू तोड़कर राफेल आएगा तो लड़ाकू विमान का कौन सा पार्ट यहां बनेगा। उन्होंने कहा कि यहां पीड़ितों की एफआइआर ही दर्ज नहीं होती है। चिन्मयानंद मामले में पीड़िता को ही जेल भेज दिया गया। उन्नाव घटना में पीड़िता को न्याय अब तक नहीं मिला, उन्नाव की पीड़िता का परिवार तबाह हो गया। आजम खां के मामलों पर अखिलेश यादव ने कहा कि एक सांसद पर बकरी चोरी का केस दर्ज हो गया। मऊ जिले में गोलीकांड हुआ, सोनभद्र कांड में कई लोगों की जान गई। पुलिस के टॉर्चर से लोग परेशान हैं।

Similar News