गाजीपुर, । मेला देखकर अपने साथियों संग घर लौट रहे युवक मुहम्मद अफजाल (22) को दबंग युवकों ने चाकू घोंपकर मौत के घाट उतार दिया। जबकि उसके साथी मुधीर बिंद (20) को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजवाने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। इस मामले में अफजाल के पिता रूस्तम ने फुल्लनपुर के आठ युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने एक आरोपित को रात में ही दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। घायल मुधीर का ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है।
गोड़ा देहाती व फुल्लनपुर के युवकों में कुछ दिनों से आपसी विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार कुछ दिनों पूर्व गोड़ा के युवकों ने फुल्लनपुर के युवकों पीट दिया था। इससे नाराज फुल्लनपुर के युवक उन्हें तलाश रहे थे। मंगलवार को गोड़ा के युवक मेला में पहुंचे तो फुल्लनपुर वालों की नजर पड़ गई। हालांकि भीड़ ज्यादा होने के चलते वे कुछ नहीं बोले। मेला देखने के बाद अफजाल व मुधीर अपने पांच-छह साथियों के साथ घर लौट रहे थे। गायत्री मंदिर के पास पहुंचने के बाद खड़े होकर आपस में बात करने लगे। उसी दौरान दो दर्जन से अधिक फुल्लनपुर के युवक पहुंचे और मारपीट करने लगे। इसी बीच किसी ने चाकू निकालकर अफजाल व मुधीर के ऊपर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। पेट व शरीर के अन्य हिस्सों में चाकू लगने से दोनों लहूलुहान होकर गिर गए। साथियों के घायल होने के बाद अन्य युवक चीखने लगे। आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, तब तक आरोपित भाग निकले। आनन-फानन दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अफजाल को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। हत्या का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था अफजाल
गोड़ा देहाती निवासी अफजाल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। घर की माली हालत ठीक नहीं होने से पिता रूस्तम मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बेटे की मौत से पिता समेत अन्य परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।