सचेंडी के दो गांवों में भीषण आग, एक हजार बीघा गेहूं की फसल जली, किसानों में हाहाकार

Update: 2019-04-22 11:48 GMT

कानपुर,  । नगर के सचेंडी थाना क्षेत्र के सपाई और इश्वरीगंज गांव में खेतों में भीषण आग लग गई। गेंहू की फसल को सामने जलता देखकर किसानों में हाहाकार मचा है। फसल बुझाने के प्रयास शुरू हुए लेकिन आग की बढ़ती विभीषिका ने किसानों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। एक के बाद दूसरे खेत को चपेट में ले रही आग अबतक करीब एक हजार बीघा गेहूं की फसल को जला चुकी है। सूचना के काफी देर बाद पहुंचे दमकल जवानों से गुस्साए ग्रामीणों ने मारपीट भी कर दी। फिलहाल आग बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों की मानें तो ईश्वरीय गंज के खेतों में खड़ी फसल में आग लग गई थी। खेतों से उठ रही चिंगारी हवा में सपाई गांव तक पहुंच गई। यहां पर खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में चिंगारी गिरने से आग लग गई। देखते ही देखते आग भीषण रूप ले लिया। खेतों के ऊपर काला धुआं देखकर गांव में लोगों में दहशत फैल गई। किसान दौड़ते हुए खेतों की ओर पहुंचे और फसल को आग से बचाने का प्रयास करने लगे।

आग की लपटें तेज होने के चलते किसान असफल रहे और दमकल को सूचना दी। काफी देर बाद एक दमकल लेकर जवान पहुंचे तो किसान आक्रोशित हो गए। किसानों ने दमकल कर्मियों की पिटाई कर दी। बाद में और दमकल पहुंचने पर जवानों ने आग पर काबू पाना शुरू किया। अभी भी आग खेतों की ओर बढ़ती जा रही है। सपाई गांव के खेतों की चिंगारी दोबारा इश्वरीगंज पहुंचने से खेतों में खड़ी फसल में दोबारा आग लग गई है। पुलिस और प्रशासनिक अमला भी गांव पहुंच रहा है।




 


Similar News