SC सीटों पर BJP को लगा तगड़ा झटका

Update: 2018-12-11 16:30 GMT

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के पास से जनाधार खिसका तो सर्वाधिक दगा अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों पर मतदाताओं ने दिया। इन सीटों पर भाजपा की सोच व रणनीति दोनों पूरी तरह फ्लाप हो गई।

भाजपा की सोच के विपरीत जोगी-बसपा गठबंधन इन सीटों पर कांग्रेस का नुकसान करने में विफल रहा तो सतनामी धर्मगुरू बालदास का कांग्रेस के साथ आना कांग्रेस के लिए सोने में सुहागा हो गया। कांग्रेस को भाजपा के कब्जे वाली इन सीटों में सात सीटें हासिल हुई तो भाजपा मात्र दो सीट पर सिमट गई। बहुजन समाज पार्टी एक सीट पर अपना परचम लहराने में कामयाब रही।

अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित दस सीटों में से पिछले चुनाव में नौ सीट भाजपा के खाते में थी। उस चुनाव में भाजपा ने सतनामी समाज के धर्मगुरू बालदास को अपने पाले में किया। उनकी सतनाम सेना के नाम उम्मीदवार उतारे और उन्हें प्रचार करने के लिए हेलीकॉप्टर मुहैया कराया।

उनके उम्मीदवारों ने कांग्रेस का इतना वोट काट दिया कि भाजपा को इन सीटों पर प्रचंड सफलता मिल गई। भारतीय जनता पार्टी इस चुनाव में भी इन सीटों पर अपनी जीत को लेकर आश्वस्त थी। भाजपा की सोच थी कि दलित वोटों पर बसपा की पकड़ व अजीत जोगी से गठबंधन का लाभ उन्हें मिलेगा।

गठबंधन कांग्रेस के मतों का विभाजन करेगा और भाजपा एक बार फिर अपने उम्मीदवारों को जिताने में सफल हो जाएगी पर परिणाम इसके उल्टा आया। कांग्रेस के पक्ष में बालदास के आ जाने का भी खामियाजा भाजपा को भुगतना पड़ा। भाजपा मात्र दो सीट मुंगेली व मस्तूरी में सफल हो पाई। बाकी पामगढ़ को छोड़ दें तो सभी सात सीटों पर कांग्रेस को सफलता मिली।

कांग्रेस ने आरंग, बिलाईगढ़, अहिवारा, नवागढ़, डोंगरगढ़, सारंगढ़ व सरायपाली से सफलता हासिल की। पामगढ़ की सीट बसपा के खाते में गई। आरंगढ़ से डॉ शिवकुमार डहरिया ने भाजपा के संजय ढीढी को हराया। बिलाईगढ़ से चंद्रदेव राय ने बसपा के श्याम टंडन को हराया, यहां भाजपा तीसरे स्थान पर रही।

अहिवारा ने गुरू रूद्र कुमार ने भाजपा के राजमहंत सांवला राम डाहरे को हराया। नवागढ़ से गुरु दयाल बंजारे ने मंत्री दयाल दयाल दास बघेल को हराया। डोंगरगढ़ से भुनेश्वर शोभाराम बघेल ने सरोजनी बंजारे को मात दी। सारंगढ़ से उत्तरी गणपत जांगडे ने बसपा के केराबाई मनहर को हराया, यहां भी भाजपा तीसरे स्थान पर रही।

सरायपाली से किस्मत लाल नंद ने भाजपा के श्याम तांडी को हराया। पामगढ़ से बसपा जीती। बसपा की इंदू बंजारे ने कांग्रेस के गोरेलाल बर्मन को हराया, यहां भी भाजपा तीसरे स्थान पर रही।

सरायपाली में कांग्रेस उम्मीदवार को एक लाख से अधिक मत

अनुसूचित सीट सरायपाली से निर्वाचित किस्मतलाल नंद को एक लाख से अधिक मत मिले और उन्होंने भाजपा के श्याम तांडी को लगभग 52 हजार मत से हराया। वहीं सारगंढ से गणपत जांगडे, आरंगढ़ से डॉ शिवकुमार डहरिया व नवागढ़ से गुरु दयाल सिंह बंजारे की जीत का अंतर अधिक रहा। दोनों 20 हजार से अधिक के अंतर से चुनाव जीते। शिव कुमार डहरिया को 60 हजार तो गुरु दयाल बंजारे को 69 हजार से अधिक मत प्राप्त हुए। वहीं सारंगढ़ से उत्तरी गणपत जांगड़े को 90 हजार मत मिला।  

Similar News