वोट की मदद से सत्ता पाने वाली भाजपा को हम वोट से ही बाहर करेंगे : अखिलेश

Update: 2018-04-14 10:07 GMT
लखनऊ - समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को भरोसा है कि प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी को अगले चुनाव में सत्ता से बाहर कर देगी। अखिलेश यादव ने आज लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यालय में डॉ. आम्बेडकर की जयंती पर उनकी प्रतिमा का लोकापर्ण किया और कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग आम्बेडकर की दिखाई राह पर चलते हैं।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है। विधायक यहां पर सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी हैं। उन्नाव की एक ही घटना से प्रदेश सरकार के एनकाउंटर का सच सामने आ गया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार उन्नाव की घटना के लिए दोषी है। वही लंबे समय से आरोपियों को बचा रही थी। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रमुख सचिव गृह के साथ ही पुलिस महानिदेशक की भूमिका का भी जनता को पता चल गया है। पुलिस के संरक्षण में अन्याय हो रहा है। डीजीपी किसी की पार्टी का नही होता होम सेक्रेटरी किसी पार्टी का नही होता। उम्मीद है सीबीआई सच्चई सामने लाएगी। प्रदेश सरकार को सख्त कार्यवाही करनी चाहिये। इसके साथ ही जो संरक्षण दे रहा उसपर भी कार्यवाही की जानी चाहिए।
अखिलेश यादव ने डॉ. भीमराव आम्बेडकर की 127वीं आम्बेडकर जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी कार्यालय में डॉ. भीमराव आम्बेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि सभी वर्ग के लोग आम्बेडकर जयंती मना रहे हैं। भीमराव आम्बेडकर के बलिदान को कोंई भुला नही सकता है। समाजवादी लोग नही भूल सकते। संविधान का जो रास्ता है उस पर सामाजवादी चलेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार बनी है, अपराध दिन पर दिन बढ़ते जा रहे हैं। मेरठ से लेकर पूरे प्रदेश में दलितों पर अन्याय हुआ है। मुख्यमंत्री जी का अशीर्वाद बना रहे विपक्षियों को मौका मिलेगा। गुजरात में भी ऐसी ही घटना हुई है दो हफ्ते तक मामला छुपा रहा। आगरा, मेरठ, मुरादाबाद व बरेली में दुष्कर्म, छेड़छाड़ व डकैती के मामले बढ़े हैं। नोएडा में एक महीने में 19 दुष्कर्म तथा छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। 

Similar News