SP-BSP की 'जोड़ी' पर मुलायम ने तोड़ी चुप्पी, ईमानदारी से एक हो जाएं सपा-बसपा तो अजेय
(सपना सिंह सैफई)
मुलायम सिंह यादव ने एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा व बसपा का करीब आना एक अच्छा संकेत है। उन्होंने कहा कि अब इन दोनों दलों को ईमानदारी दिखानी होगी। ...
मैनपुरी। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव को अभी भी समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी के बीच गठबंधन में संदेह है। मैनपुरी में आज उन्होंने कहा कि इन दोनों दलों को ईमानदारी से एक होना पड़ेगा, जरा भी संदेह में कोई बात नहीं बनेगी।
मैनपुरी के किशनी के चांदा गांव में समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा व बसपा का करीब आना एक अच्छा संकेत है। उन्होंने कहा कि अब इन दोनों दलों को ईमानदारी दिखानी होगी। मुलायम सिंह ने कहा कि बसपा और सपा ईमानदारी से एक हो जाएं तो कोई हरा नहीं सकता। सब इन दोनों को बेहद ईमानदारी से एक होना होगा। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा कठिन काम टिकट वितरण है। अगर यह काम सही रहा तो नतीजे बेहतर होंगे। नेताजी ने कहा कि सपा की नीतियां देश में सबसे बेहतर हैं।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि इस समय देश के सामने गंभीर संकट है। हमारी सीमा पर लगातार नजर रखने वाला चीन सबसे बड़ा धोखेबाज देश है। हमको बेहद सर्तक रहना होगा। उन्होंने कहा हमारी सेना बहुत बहादुर कोई मुकाबला नहीं है, लेकिन बिना किसी कारण से मोर्चा लेना भी तो ठीक नहीं है। सेना ने इससे पहले तो 1962 में बिना हथियार के ही लड़ाई लड़ी थी।
इससे पहले मुलायम सिंह यादव फूलपुर तथा गोरखपुर उप चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों की जीत पर काफी प्रसन्न थे। उत्साहित मुलायम सिंह यादव ने तमाम लोगों के बीच मिठाई मंगवाई। जब मुलायम सिंह यादव को फूलपुर और गोरखपुर में पार्टी के उम्मीदवार की जीत की खबर मिली तो उन्होंने तुरंत वहां मौजूद सांसद से मिठाई मंगवाई और लोगों के बीच बंटवाई। इसके बाद मुलायम सिंह यादव ने पार्टी के नरेश अग्रवाल के भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर कहा था कि पार्टी को इससे कोई नुकसान नहीं होने वाला है।