समाजवादी पार्टी ने 2019 का चुनावी रण जीतने के लिए तैयारियां अभी से शुरु कर दी हैं। अापकाे जानकर हैरानी हाेगी कि सपा बीजेपी के नक्शेकदम चलते हुए 2019 का चुनाव जीतना चाहती है। इसी आधार पर पार्टी अपनी चुनावी रणनीति तैयार करेगी। भाजपा की तर्ज पर समाजवादी पार्टी ने भी बूथ स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी जिलाध्यक्षों को प्रोफार्मा भेजकर बूथ स्तर पर मतदाताओं की जातिगत स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और 2019 में किस तरह की तैयारी की जरूरत है। इस तरह की तमाम जानकारियां मांगी हैं।
प्रोफार्मा भरकर देने का अलग-अलग समय रखा गया है। जिन जिलाध्यक्षों की नियुक्त कुछ समय पहले हुई हैं, उन्हें इस कार्य के लिए अधिक समय दिया गया है। जबकि लंबे से से जिलाध्यक्ष पर काम कर रहे लोगों को अप्रैल महीने में यह काम पूरा करके देना है। बताया जा रहा है कि इस प्रोफार्मा के जरिये सपा यह आंकड़े जुटाना चाहती है कि विधानसभावार हर बूथ पर किन-किन जातियों के मतदाता रहते हैं।
जिलाध्यक्ष नगर इकाई मोइन खान ने बताया कि उनके पास इस तरह का प्रोफार्मा आया, इस पर काम तेजी से चल रहा है। इसमें बूथ स्तर पर पदाधिकारी तय किए जाने हैं। वह किस जाति का है, उसकी उम्र क्या, पेशा क्या है, इससे जुड़ी जानकारियां भी मांगी गई हैं।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा पार्टी लोकसभा की तैयारी को लेकर काम कर रही है। प्रदेश के सभी जनपदों से मतदाताओं, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों का लेखा-जोखा मांगा गया है। कई और जानकारी भी मांगी गई है, जिसके आधार पर पार्टी अपनी चुनावी रणनीति तैयार करेगी।