लखनऊ - समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह पार्टी एक झूठ को छिपाने के लिए दूसरा झूठ बोलती है। समाजवादी प्रबुद्ध सभा के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने ब्राह्मणों को अपने पाले में लाने की कोशिश भी की और कहा कि आज कृष्ण को सुदामा की जरूरत है।
पार्टी मुख्यालय में हुए सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि देश तोडऩे से नहीं बल्कि जोडऩे से आगे बढ़ता है। इतिहास भी इस बात का साक्षी है कि चाहे विकास की लड़ाई हो और चाहे सीमा की हो, वह एकजुटता से ही जीती गई है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदैव देश की अगुवाई की और नई दिशा दी। हमारी और आपकी दोस्ती कई युगों पुरानी है कहते हुए उन्होंने कृष्ण और सुदामा का संदर्भ दिया।
कहा कि अब साइकिल, हाथी और शंख का साथ है तो कोई टक्कर न ले पाएगा। अखिलेश ने छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र का जिक्र करते हुये पार्टी के में उनके योगदान व कद की चर्चा की। एशिया का सबसे बड़े 'जनेश्वर मिश्र पार्क को देश का एक ऐतिहासिक पार्क बताया। कहा कि नेताजी और उन्होंने मिलकर परशुराम जयंती घोषित की थी। अब भाजपा क्या कर रही है, यह सबके सामने है।
कार्यक्रम के संयोजक पूर्व मंत्री व ऊंचाहार से विधायक मनोज कुमार पांडेय ने लोहिया का जिक्र करते हुए कहा कि यदि सत्य, असत्य से पराजित हो जाये तो यह समाज राज्य और देश की हार है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों ने समय-समय पर कभी मंगल पांडेय, चंद्रशेखर आजाद, तो कभी सुदामा, चाणक्य व परशुराम बनकर देश और समाज के लिए भूमिका निभाई है।
परशुराम ने जिस समाजवाद की परिकल्पना की थी, समाजवादी पार्टी व अखिलेश यादव ने उस रास्ते को अपनाया है। सम्मेलन को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष बृजेश उपाध्याय ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में ब्राह्मïण समाज के दो दर्जन से अधिक पूर्व विधायक भी शामिल हुए।