सपा प्रत्याशी के साथ एकदिन परिवर्तन के लिए मांग रहे वोट

Update: 2018-03-08 00:54 GMT

इलाहाबाद : फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी नागेंद्र सिंह पटेल का प्रचार अभियान अलहदा है। सुबह पांच बजे के लगभग ही वह उठ जाते हैं। आधे घंटे में पूरी तरह से तैयार और फिर छह बजे निकल लेते हैं प्रचार अभियान में। निकलने से पहले वह पराठा सब्जी और दही लेते हैं। पत्नी सुशीला सिंह पटेल सपा की लाल टोपी पहनाती हैं। नागेंद्र अपनी मां रामपति देवी के कमरे में जाकर उनका आशीर्वाद लेते हैं। बुधवार को भी उनकी इसी तरह शुरू हुई थी। वह जार्जटाउन स्थित अपने आवास से सुबह छह बजे निकले।

चार वाहनों के काफिले से वह सबसे पहले सलोरी पहुंचते हैं। वहां पार्षद मंजीत अपने साथियों के साथ पहले से ही मौजूद होते हैं। यहां जनसंपर्क के बाद नागेंद्र बघाड़ा, एलनगंज और फिर ढरहरिया पहुंचते हैं। इन मुहल्लों में पार्षद विपिन यादव, नरेंद्र पाल, शिक्षक नेता डॉ.हरि प्रकाश यादव के साथ जनसंपर्क करते हैं। लगभग ढाई घंटे तक जनसंपर्क के बाद वह फिर अपने आवास स्थित चुनाव कार्यालय में 8.30 बजे पहुंचते हैं। यहां दिनभर की रणनीति बनती है। इसके बाद वह नौ बजे पार्टी कार्यालय पहुंचते हैं। वहां कार्यालय प्रभारी पूर्व मंत्री मुनीर अहमद खान, जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव, केके श्रीवास्तव, दान बहादुर मधुर से वार्ता करते हैं।

फिर 9.15 बजे घर आते हैं। इसी बीच पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, हरदोई से निरंजन, राखी राजपूत और विजय पटेल, ओपी सिंह कबूतर आदि पहुंच जाते हैं। चंद मिनटों की वार्ता के बाद नागेंद्र 9.40 बजे निकल पड़ते हैं फूलपुर कस्बा में जनसंपर्क के लिए। 

इस बीच रास्ते भर कार में बैठे-बैठे नागेंद्र हाथ जोड़कर विनती करते रहे। फूलपुर में चेयरमैन के पति मंसूर आलम, द्वारिका कुशवाहा आदि के साथ बाजार और कस्बा में जनसंपर्क किया। लगभग ढाई घंटे तक यहां जनसंपर्क के बाद वह भुलई का पूरा, कादीपुर, बेलवां, बगई खुर्द व कला, देवापुर आदि 26 गांवों में शाम तक प्रचार करते हैं। शाम छह बजे के बाद सिंगरामऊ, कटेहरा आदि गांवों प्रचार करते हैं। रात में आठ बजे शहर पहुंचते हैं। बेली, राजापुर आदि स्थानों पर सभा करते हैं और फिर जार्जटाउन में बौद्धिक सम्मेलन में हिस्सा लेते हैं।

Similar News