भाजपा सरकार जनता को आतंकित करने में लगी हैैं : अखिलेश

Update: 2017-07-23 01:27 GMT
लखनऊ - संगठन को मजबूत करने में जुटे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि योगी सरकार का विपक्ष के प्रति उनका रवैया असहिष्णु है। इसके विरुद्ध बड़े आंदोलन की तैयारी शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि सितंबर में राष्ट्रीय अधिवेशन प्रस्तावित है, उससे पहले जिला व राज्य सम्मेलन होंगे। सम्मेलन में कुछ लोगों ने शिकायतें शुरू की तो राम गोपाल ने कहा कि लिखकर दे दीजिए, विचार कर लिया जाएगा।
आज प्रदेश कार्यालय में सदस्यता प्रमुखों, प्रभारियों, सांसद, विधायकों को संबोधित कर रहे अखिलेश ने कहा कि देश की राजनीति ढेरों चुनौतियों से घिरती जा रही है। समाज के हासिये पर जीवन गुजार रहे लोगों का उत्थान व युवा वर्ग को कौशल सम्पन्न बनाने की कोशिशों के स्थान पर अफवाह और झूठ की राजनीति हो रही है। युवा वर्ग को अफवाहबाजों से मुकाबला करने के लिए आगे आना होगा। सदस्यता अभियान की कामयाबी का श्रेय कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव गए, बूथ तक सदस्य बनाए गए। पार्टी की असली ताकत बूथों पर है। इसी के बूते झूठ की राजनीति को पराजित किया जाएगा। 
सदस्यता अभियान का परिणाम संतोषजनक
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से सदस्यता अभियान की समीक्षा की गई। यह अभियान 15 अप्रैल से 30 जून तक चला था। अभियान का परिणाम संतोषजनक पाया गया। सपा के प्रमुख महासचिव राम गोपाल यादव ने सदस्यता अभियान के प्रभारियों से हिसाब-किताब लिया। बैठक में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन, मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी के अलावा प्रदेश सचिव एसआरएस यादव, अरविंद कुमार सिंह, सुनील यादव साजन, आनंद भदौरिया, विधायक नफीस अहमद, पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, पूर्व मंत्री बलराम यादव, पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप व पार्टी के राज्यसभा सदस्य भी मौजूद थे।

Similar News