Janta Ki Awaz
राजनीती

वाराणसी में मुख्यमंत्री: बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा, बाबा दरबार में लगाई हाजिरी

वाराणसी में मुख्यमंत्री: बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा, बाबा दरबार में लगाई हाजिरी
X

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को काशी विश्वनाथ के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा दरबार में हाजिरी लगाई। इसके बाद काशी विश्वनाथ धाम का अवलोकन किया। साथ ही निर्माण कार्य के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक में बाढ़ राहत शिविरों में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा का विशेष ख्याल रखने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रत्येक शिविर में महिला आरक्षी और बाढ़ प्रभावित गांव व वार्ड में नोडल अधिकारी तैनात करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने सितंबर तक बाढ़ के खतरे से अलर्ट रहने का निर्देश दिया।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद देर शाम समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, राहत सामग्री वितरण में जनप्रतिनिधियों का सहयोग ले। जिन घरों में पानी भरा है, वहां खाने का पैकेट व पेयजल की व्यवस्था करें। जिन्हें जरूरत हो एलपीजी सिलेंडर भिजवाएं। बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में लोगों को गर्म पानी के सेवन के लिए जागरूक करें। प्रकाश के लिए पेट्रोमैक्स व अन्य साधनों की व्यवस्था करें। जब बाढ़ पानी नीचे आएगा तब स्वास्थ्य, पंचायत व नगर विकास विभाग को सतर्क रहना होगा। वहां स्वच्छता, सैनिटाइजेशन, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता का कार्य करना होगा। बाढ़ से जहरीले कीड़े, कुत्तों की समस्या बढ़ेगी, ऐसे में एंटी स्नेक, एंटी रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता कराएं। बाढ़ चौकी और राहत शिविर 24 घंटे सक्रिय रहें।

पशुओं के चारे, दवा की समुचित व्यवस्था रखें और पशुपालकों से संवाद रखें। बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों से सहानुभूतिपूर्वक व संवेदनशीलता से पेश आएं। बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाये और लोगों को सतर्कता के प्रति सावधान करें ताकि कहीं चोरी की घटना नहीं हो। उत्तराखंड, राजस्थान, बुंदेलखंड क्षेत्र आदि में भारी वर्षा होती है, तो उसका प्रभाव गंगा नदी में आता है जो वाराणसी पर असर डालेगा।

Next Story
Share it